Eksandeshlive Desk
केपटाउन: ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर बल्लेबाज जोश इंग्लिस ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ निर्णायक तीसरे टेस्ट में शानदार शतक लगाकर इतिहास रच दिया। न्यूलैंड्स मैदान पर गुरुवार को तीसरे दिन इंग्लिस ने 132 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया और ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई। करीब एक साल बाद टेस्ट टीम की अंतिम एकादश में वापसी करने वाले इंग्लिस ने अपनी पारी में 11 चौके और दो छक्के लगाए। वह 102 रन बनाकर साइमन हार्मर की गेंद पर आउट हुए। उनकी इस पारी ने दक्षिण अफ्रीका के पहली पारी के 329 रन के जवाब में ऑस्ट्रेलिया को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इस शतक के साथ इंग्लिस तीनों प्रारूपों में एक से अधिक शतक लगाने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर बन गए हैं। यह उनका दूसरा टेस्ट शतक है। इससे पहले उन्होंने पिछले साल श्रीलंका के खिलाफ उसकी धरती पर शतक लगाया था।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक से अधिक शतक लगाने वाले केवल तीन बल्लेबाज हैं। इंग्लिस के अलावा ग्लेन मैक्सवेल ने पांच और आरोन फिंच ने दो शतक लगाए हैं। हालांकि, इन दोनों में से कोई भी टेस्ट, एकदिवसीय और टी-20 अंतरराष्ट्रीय तीनों प्रारूपों में एक से अधिक शतक नहीं लगा सका है। मैक्सवेल के नाम चार एकदिवसीय शतक और एक टेस्ट शतक है। उनका टेस्ट शतक 2017 में भारत के खिलाफ आया था। फिंच ने एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 17 शतक लगाए, लेकिन टेस्ट में वह शतक नहीं बना सके। इस तरह इंग्लिस तीनों प्रारूपों में कई शतक लगाने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बन गए हैं। इंग्लिस ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला के दौरान लगी उंगली में फ्रैक्चर की चोट से उबरने के बाद टेस्ट टीम में वापसी की। उन्होंने इससे पहले घरेलू मैदान पर 2025 की एशेज श्रृंखला में अपना आखिरी टेस्ट खेला था। निर्णायक मुकाबले के लिए ऑस्ट्रेलिया ने अपनी अंतिम एकादश में चार बदलाव किए, जिनमें इंग्लिस के अलावा कैमरन ग्रीन, नाथन लियोन और कूपर कोनोली को भी मौका मिला। इंग्लिस बल्लेबाजी के लिए तब उतरे, जब ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 184 रन था। इसके बाद ग्रीन 65 रन बनाकर हार्मर का शिकार बने। दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने जल्दी-जल्दी दो विकेट गंवाए और उसका स्कोर चार विकेट पर 185 रन हो गया। ऐसे में इंग्लिस ने एलेक्स कैरी के साथ मिलकर पारी को संभाला और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। तीसरे दिन इंग्लिस ने हार्मर की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलकर 132 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। हालांकि, वह 102 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन उनकी पारी ने ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में बढ़त हासिल करने की दिशा में अहम मदद दी।
