BY MUSTAFFA
रांची: ओरमांझी थाना पुलिस ने फर्जी ट्रैवल्स एजेंसी की आड़ में चारपहिया वाहनों को किराए पर लेकर बंधक बनाने वाले एक शातिर ठगी गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपियों को दबोचते हुए चार लग्जरी गाड़ियां और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। वादी सनी कुमार के आवेदन पर दर्ज (ओरमांझी थाना कांड संख्या-151/26) मामले के मुताबिक,मुख्य आरोपी विश्वजीत कुमार सिंह ने मॉल ऑफ़ रांची के समीप शुभ यात्रा ट्रैवल्स नाम से फर्जी एजेंसी खोल रखी थी। यह गिरोह वाहन मालिकों को ऊंचे किराए का लालच देता था। शुरुआत के एक-दो महीने समय पर किराया चुकाकर भरोसा जीतने के बाद,ये गाड़ियों को अन्य लोगों के पास बंधक रखकर मोटी रकम ऐंठ लेते थे। पुलिस ने छापेमारी कर फॉर्च्यूनर कार (जेएच01सीजेड 6468),आईटेन कार (जेएच 01जीडी 8234),फ्रॉन्क्स कार (जेएच 01एफएफ 8452) और एक नई बिना नंबर की बलेनो कार के साथ 6 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। वहीं,पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस गिरोह के तीन मुख्य चेहरों को दबोच लिया है। विश्वजीत कुमार सिंह उर्फ विक्की (सरगना),त्रिवेणीपुरम सोसाइटी,खेलगांव,रांची (मूल निवासी मुंगेर बिहार)। मनोज कुमार जेपी मार्केट धुर्वा,रांची (मूल निवासी गढ़वा,झारखंड)। ज्योति कुमारी (विश्वजीत की पत्नी) त्रिवेणीपुरम सोसाइटी,खेलगांव,रांची (मूल निवासी मुंगेर,बिहार)। पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी विश्वजीत का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ रांची के विभिन्न थानों (ओरमांझी,नामकुम,कांके,खेलगांव) और मुंगेर में हत्या का प्रयास,आर्म्स एक्ट,रंगदारी और धोखाधड़ी के लगभग 9 गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं,आरोपी मनोज कुमार पर भी मुजफ्फरपुर (बिहार) में उत्पाद अधिनियम के तहत केस दर्ज है। पुलिस गिरोह के अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है।
