मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में स्थापित होगी आजसू पार्टी: सुदेश महतो

360° Ek Sandesh Live


रांची: हरमू स्थित आजसू पार्टी के प्रधान कार्यालय की जिला समिति की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को आयोजित की गई। बैठक में रांची जिले में पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, पार्टी की नीतियों, विचारधारा एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने तथा आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तारपूर्वक मंथन किया गया। इस बैठक को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड आंदोलन से लेकर अलग राज्य के निर्माण तक आजसू की ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण भूमिका रही है। केंद्र सरकार के साथ झारखंड निर्माण को लेकर हुई वातार्ओं में भी पार्टी की अहम भूमिका रही है। इसी ऐतिहासिक जिम्मेदारी को समझते हुए आजसू पार्टी झारखंड के भविष्य, विशेषकर युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य है कि आदिवासी, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक, महिला, युवा, छात्र सहित समाज के प्रत्येक वर्ग और गरीब व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचे। झारखंड राज्य के निर्माण के पीछे जो उद्देश्य और सपने थे, उन्हें पूरा करना हमारी राजनीतिक जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता है। इसलिए हमारा लक्ष्य केवल संगठन का विस्तार करना नहीं, बल्कि झारखंड की जनता के विश्वास पर खरा उतरना और राज्य के सामने एक मजबूत, जवाबदेह एवं जनहितकारी राजनीतिक विकल्प प्रस्तुत करना है। बैठक में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं झारखंड सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक को इस बैठक में पार्टी के केन्द्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केन्द्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर एवं हसन अंसारी, केन्द्रीय महासचिव राजेन्द्र मेहता एवं पार्वती देवी, रांची जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला भगत, रांची जिला परिषद उपाध्यक्ष वीणा देवी आदि ने संबोधित किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सह जिप सदस्य संजय महतो ने की। संचालन कार्यकारी अध्यक्ष हाकीम अंसारी ने किया। बैठक की जानकारी मीडिया को देते हुए केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि रांची जिले के सभी प्रखंडों में आजसू पार्टी के संगठन का व्यापक पुनर्गठन किया जाएगा। संगठन में नई पीढ़ी के युवाओं को अधिक अवसर और जिम्मेदारी देने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके लिए जिले के सभी प्रखंडों में अलग-अलग प्रखंड सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों में आजसू पार्टी के मुख्य संगठन के साथ-साथ छात्र आजसू, युवा आजसू और महिला आजसू के अलग-अलग सम्मेलन आयोजित होंगे। प्रेस वार्ता को जिलाध्यक्ष संजय महतो, हाकिम अंसारी एवं वीणा देवी ने भी संबोधित किया। श्री प्रभाकर ने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पदाधिकारियों को प्रखंड प्रभारी नियुक्त किया गया है। केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी इस दिशा में आवश्यक निर्देश दिए हैं। निर्णय लिया गया है कि इसी महीने सभी प्रखंडों में सम्मेलन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि बैठक में वक्ताओं ने कहा कि रांची जिला में आजसू पार्टी का संगठन पहले से ही मजबूत स्थिति में है। रांची जिला परिषद में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष दोनों पदों पर आजसू पार्टी के प्रतिनिधियों की उपस्थिति संगठन की राजनीतिक मजबूती और जनाधार को दशार्ती है। हालांकि, संगठन को और व्यापक बनाने तथा जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए निरंतर प्रयास करने की आवश्यकता है।

Spread the love