Eksandeshlive Desk
वाशिंगटन: अमेरिका में हुए मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की करारी हार के बाद राजनीतिक माहौल काफी गरमा गया है। कई रिपब्लिकन सांसद और उनके सहयोगी इस ऐतिहासिक हार का ठीकरा रक्षा मंत्री (बदला पद नाम युद्ध मंत्री) पीट हेगसेथ पर फोड़ने की तैयारी कर रहे हैं। पेंटागन के इस शीर्ष अधिकारी को पद से हटाने (महाभियोग चलाने) के लिए प्रतिनिधि सभा (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स) में अगले हफ्ते मतदान हो सकता है। सीएनएन और सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, केंटकी से रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने स्पष्ट किया है कि अगले हफ्ते संसद (कांग्रेस) की कार्यवाही फिर से शुरू होगी। इस दौरान वह रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पर मतदान के लिए दबाव डालेंगे। सूत्रों का मानना है कि यह प्रस्ताव सदन में पारित भी हो सकता है। हेगसेथ पर बिना कांग्रेस की मंजूरी के ईरान में युद्ध शुरू करने, शक्तियों का दुरुपयोग करने और संवेदनशील सैन्य सूचना लीक करने जैसे गंभीर आरोप हैं। मध्यावधि चुनाव में मिली बड़ी हार के लिए कई रिपब्लिकन और डेमोक्रेट सांसद, हेगसेथ के नेतृत्व को ईरान युद्ध को ही जिम्मेदार मान रहे हैं। सांसद थॉमस मैसी ने एक्स पर कहा है कि यदि हेगसेथ अपने पद से इस्तीफा दे दें तो वह महाभियोग का सामना करने से बच सकते हैं।
फ्लोरिडा के नवनिर्वाचित गवर्नर बायरन डोनाल्ड्स (वो अभी प्रतिनिधि सभा के सदस्य हैं) ने कहा कि वह हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग के पक्ष में मतदान नहीं करेंगे। हाउस ओवरसाइट समिति के भावी अध्यक्ष प्रतिनिधि रॉबर्ट गार्सिया ने कहा कि ट्रंप से जुड़ी जांच डेमोक्रेट्स को आम लोगों के खर्च कम करने के मुख्य लक्ष्य से नहीं भटकाएगी। उन्होंने चार प्रमुख मुद्दों का जिक्र किया- ट्रंप परिवार के व्यवसाय, आव्रजन कानून का पालन, व्हाइट हाउस बॉलरूम के लिए कॉर्पोरेट चंदा और एपस्टीन फाइलें। दूसरी ओर व्हाइट हाउस में हेगसेथ को हटाने और उनकी जगह नए चेहरों की तलाश की चर्चा है। इनमें फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डिसेंटिस का नाम प्रमुख है। मगर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से हेगसेथ को बर्खास्त करने से इनकार किया है। उन्होंने कहा है कि वह बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि अमेरिकी संसद के निचले सदन प्रतिनिधि सभा में महाभियोग प्रस्ताव पारित होने के लिए सामान्य बहुमत की आवश्यकता होती है। इसके बाद मामला उच्च सदन सीनेट में जाता है। सीनेट में दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होगी। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि यह काफी हद तक सच है कि ईरान युद्ध के कारण रिपब्लिकन पार्टी (जीओपी) को करारी हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की बातों को ही दोहराया। सीनेट के डेमोक्रेट्स ने संभावित जांच को देखते हुए संबंधित दस्तावेजों को सुरक्षित रखने के लिए पत्र जारी किए हैं। मौजूदा और पूर्व अधिकारियों के अनुसार, डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी अब संसद की ओर से शुरू होने वाली कड़ी निगरानी और जांच के लिए तैयार हो रहा है।
इस बीच अनुमान जताया गया है कि कि डेमोक्रेट्स प्रतिनिधि सभा में कम से कम 245 सीटें जीतेंगे। सीनेट में दो सीटों पर अभी भी नतीजे स्पष्ट नहीं हैं। मिसिसिपी में परिदृश्य साफ नहीं है, जबकि अलास्का में डेमोक्रेट्स के जीतने की संभावना अधिक है। मिसिसिपी की सीनेट दौड़ के नतीजे अभी तक नहीं आए हैं। यहां से डेमोक्रेटिक उम्मीदवार स्कॉट कोलोम ने बताया कि उन्हें अपनी जीत का पूरा भरोसा है। फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस ने कई रिपब्लिकन उम्मीदवारों के प्रदर्शन की आलोचना की। उन्होंने कहा कि मतदाता कांग्रेस के कामकाज से निराश है। न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी ने डेमोक्रेट्स की जीत का श्रेय इस बात को दिया कि उन्होंने कामकाजी वर्ग के अमेरिकियों और उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया,जैसे कि खर्च कम करना और मतदाताओं के बीच भरोसा कायम करना। इस चुनाव की खास बात यह है कि मैरीलैंड के वेस मूर अब तक अमेरिका के इकलौते अश्वेत गवर्नर थे, लेकिन जल्द ही उनके साथ चार और अश्वेत गवर्नर जुड़ने वाले हैं। उन्होंने जॉर्जिया की कीशा लांस बॉटम्स के ऐतिहासिक चुनाव का जिक्र किया। वह इस पद पर पहुंचने वाली पहली अश्वेत महिला हैं। वहीं, पूर्व हाउस स्पीकर न्यूट गिंगरिच ने इस बात पर संदेह जताया है कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस 2028 में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में पार्टी का नेतृत्व कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि रिपब्लिकन पार्टी की हार और वेंस की कुछ रणनीतियों के कारण उनकी लोकप्रियता की चमक काफी फीकी पड़ गई है।
