प्रताड़ना से तंग आकर युवती ने दी जान, पिता और सौतेली मां गिरफ्तार

Crime

Eksandeshlive Desk

पलामू: जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के मोहम्मदाबाद गांव में 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतका की बहन ने पिता और सौतेली मां पर लगातार मारपीट एवं मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है। घटना से गांव में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान अफसाना परवीन के रूप में हुई है। उसकी बहन अजमेरी बीबी ने 4 नवंबर को हुसैनाबाद थाना में लिखित आवेदन देकर बताया कि अफसाना को उसके पिता रहुफ अंसारी और सौतेली मां जूही परवीन लगातार प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि घर में उसके साथ मारपीट भी की जाती थी।

आवेदन के अनुसार, 3 नवंबर की रात करीब 11 बजे अफसाना ने अपनी बहन को फोन कर घर में हो रही मारपीट और प्रताड़ना की जानकारी दी थी। उसने प्रताड़ना से तंग आकर खुदकुशी कर लेने की बात भी कही थी। मृतका ने अपने बहनोई को मोबाइल संदेश के माध्यम से भी अपनी पीड़ा बताई थी। अगले दिन उसकी मौत की खबर से परिजनों और ग्रामीणों में मातम छा गया। घटना के बाद मृतका की बहन ने पिता और सौतेली मां के खिलाफ पुलिस से कार्रवाई की मांग की। हुसैनाबाद के एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ल ने गुरुवार को बताया कि लिखित शिकायत के आधार पर हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 223/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 एवं 35(3) में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया। अनुसंधान के दौरान त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मदाबाद निवासी 50 वर्षीय रहुफ अंसारी और उनकी 35 वर्षीय पत्नी जूही परवीन शामिल हैं। पुलिस मामले में अन्य आवश्यक साक्ष्य जुटाने के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

पलामू पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि पारिवारिक विवाद, घरेलू हिंसा और मानसिक प्रताड़ना जैसी घटनाओं को गंभीरता से लें। यदि कोई व्यक्ति खुदकुशी करने की बात कहता है, तो उसे अकेला न छोड़ें और तत्काल पुलिस को सूचना दें। अफसाना की मौत ने परिवार के भीतर होने वाली प्रताड़ना और समय रहते मदद पहुंचाने की जरूरत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love