धोई नदी घाट से 100 रुपये का चालान लेकर ही बालू उठाव करने का आदेश, अवैध घाटों से बालू उठाने पर होगी कानूनी कार्रवाई
रिपोर्ट -अजय राज
प्रतापपुर चतरा: प्रतापपुर प्रखंड में अवैध बालू उठाव एवं मनमाने मूल्य पर बालू बिक्री की समस्या को लेकर हुमाजांग पंचायत की मुखिया सावित्री देवी ने कड़ा रुख अपनाया है। मुखिया ने प्रखंड के सभी ट्रैक्टर मालिकों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा है कि वे सोमवार से केवल धोई नदी घाट से निर्धारित चालान लेकर ही बालू का उठाव एवं परिवहन करें। बिना वैध चालान के बालू उठाव करने अथवा अन्य नदी घाटों से अवैध रूप से बालू उठाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध बालू अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।मुखिया द्वारा जारी निर्देश में कहा गया है कि लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि धोई नदी घाट के अलावा अन्य नदी घाटों से भी बालू का अवैध उठाव किया जा रहा है। इसे गंभीरता से लेते हुए उन्होंने सभी ट्रैक्टर मालिकों को अवैध बालू उठाव तत्काल बंद करने की चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोबारा शिकायत मिलने पर संबंधित ट्रैक्टर मालिक स्वयं कानूनी कार्रवाई के भागीदार होंगे। मुखिया सावित्री देवी ने जिन नदी घाटों से अवैध बालू उठाव की शिकायतें मिलने की बात कही है, उनमें घोरीघाट, भरही नदी, कौरा, लोधिया, काशीबार, लिपता एवं चुनहेट शामिल हैं। उन्होंने इन सभी घाटों से अवैध बालू उठाव पर तत्काल रोक लगाने का निर्देश दिया है।
अवैध बालू कारोबार से ग्रामीणों को हो रही थी परेशानी
बताया जाता है कि प्रतापपुर प्रखंड में धोई नदी घाट एकमात्र टेंडर प्राप्त बालू घाट है। निर्धारित व्यवस्था के तहत ट्रैक्टर मालिक पंचायत स्तर पर मात्र 100 रुपये का चालान लेकर बालू का उठाव एवं परिवहन कर सकते हैं। हालांकि, आरोप है कि कुछ ट्रैक्टर मालिक धोई नदी घाट के नाम पर अन्य नदी घाटों से बिना वैध चालान के बालू का उठाव कर रहे थे। इसके साथ ही मनमाने मूल्य पर बालू की बिक्री किए जाने की शिकायतें भी लगातार सामने आ रही थीं। इसका सीधा असर आम ग्रामीणों पर पड़ रहा था। कुछ माह पूर्व तक जहां एक ट्रैक्टर बालू की कीमत लगभग 1,000 से 1,200 रुपये प्रति ट्रैक्टर हुआ करती थी, वहीं अब इसकी कीमत 2,000 रुपये से पार जा चुकी है। इससे ग्रामीणों के साथ-साथ प्रधानमंत्री आवास एवं अबुआ आवास योजना के लाभुकों को निर्माण कार्य कराने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मुखिया के कड़े रुख से अवैध बालू कारोबार पर लगाम की उम्मीद हुमाजांग पंचायत की मुखिया सावित्री देवी के इस सख्त रुख के बाद प्रतापपुर में दिन-रात अवैध बालू ढुलाई में लगे ट्रैक्टरों की गड़गड़ाहट से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों का मानना है कि यदि निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए तथा अवैध घाटों से बालू उठाव पर प्रभावी रोक लगे, तो बालू की कीमतों में कमी आने के साथ ही आवास निर्माण कार्यों में तेजी आ सकती है।मुखिया की इस पहल को अवैध बालू उठाव पर अंकुश लगाने तथा आम ग्रामीणों को उचित मूल्य पर बालू उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
