बोलेरो की टक्कर से बच्ची की मौत, वाहन लेकर चालक फरार

Road Accident

Eksandeshlive Desk

पलामू: जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के बरांव स्थित चढ़नवां मोड़ के समीप शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। गढ़वा की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने घर के बाहर खेल रही बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी और घटनास्थल से फरार हो गई। हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। मृत बच्ची की पहचान बरांव निवासी धीरेंद्र चंद्रवंशी की चार वर्षीय पुत्री साक्षी कुमारी के रूप में हुई है।

परिजनों ने बताया कि शुक्रवार दोपहर साक्षी घर में खाना खाने के बाद बाहर खेल रही थी। इसी दौरान गढ़वा की ओर से आ रही बोलेरो ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर डालटनगंज की ओर फरार हो गया। परिजनों के अनुसार, वे वाहन का नंबर नहीं देख सके। बताया जाता है कि मृत बच्ची के पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। साक्षी दो बहनों और एक भाई में सबसे छोटी थी। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। बच्ची की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, थाना प्रभारी लालजी ने बताया कि परिजनों ने चैनपुर थाना में लिखित आवेदन देकर बच्ची की कम उम्र का हवाला देते हुए पोस्टमार्टम नहीं कराने का अनुरोध किया है। परिजनों ने आवेदन में किसी प्रकार की कार्रवाई या मुआवजे की मांग नहीं की है।

Spread the love