REPORT -अजय राज
प्रतापपुर, चतरा : दीपावली की शाम से लापता लगभग आठ वर्षीय बच्ची का शव शुक्रवार को धान के खेत से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। छह दिनों से बच्ची की तलाश में जुटे परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार बच्ची आठ नवंबर दीपावली के दिन, देर शाम से लापता थी।। परिजनों ने काफी खोजबीन की परंतु बच्ची का कुछ भी अता पता नहीं चल पाया।। तब उन्होंने प्रतापपुर थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी।
शुक्रवार को ग्रामीणों की सूचना पर धान के खेत में बच्ची का शव नग्न अवस्था में मिलने की जानकारी सामने आई। घटनास्थल पर रक्त के निशान मिलने की बात कहते हुए परिजनों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने तथा कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। सूचना मिलते ही प्रतापपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। घटना का शीघ्र उद्भेदन करने तथा दोषियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई जारी है।
मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
