आक्रोशितों ने तीन घंटे तक किया सड़क जाम
Md Washim Ahmad
बालूमाथ: बालूमाथ-खलारी मुख्य मार्ग पर भगिया चौक के समीप रविवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में छठ पूजा देखने जा रहे युवक की दर्दनाक मौत हो गई। इस दुर्घटना के बाद इलाके में मातम पसर गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब तीन घंटे तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
मृतक की पहचान रंजीत साव (25 वर्ष), पिता- दीपन साव, निवासी- ग्राम मुरपा (थाना बालूमाथ) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की शाम करीब 7:30 बजे रंजीत साव अपने घर से पंडरिया तालाब छठ पूजा देखने के लिए निकले थे। इसी दौरान बालूमाथ की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार 16 चक्का ट्रक (संख्या: JH19F6505) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
तीन घंटे तक सड़क जाम और हंगामा
दुर्घटना के तुरंत बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल पर ही शव को रखकर बालूमाथ-खलारी मुख्य पथ को शाम 7:30 बजे से रात 10:30 बजे तक पूरी तरह जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही मुरपा पिकेट प्रभारी होसेन डांग दल-बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, आक्रोशित लोग मुआवजा और सुरक्षा की मांग पर अड़े रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अनुभव कुमार सिन्हा भी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिजनों और ग्रामीणों को काफी समझाया-बुझाकर और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाकर शांत कराया, जिसके बाद रात करीब 10:30 बजे सड़क जाम हटाया गया और यातायात सुचारू हुआ।
पुलिस हिरासत में चालक और वाहन
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना को अंजाम देने वाले 16 चक्का ट्रक और उसके चालक फरहत अंसारी (निवासी: बारियातू) को अपने कब्जे में ले लिया है। साथ ही, मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, लातेहार भेज दिया गया है। इस मर्मस्पर्शी घटना से मुरपा गांव सहित पूरे बालूमाथ क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और छठ महापर्व की खुशियां मातम में बदल गईं।
