News Desk
चतरा। झारखंड के चतरा जिले के टंडवा स्थित एनटीपीसी परियोजना में बुधवार को निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट का ढांचा अचानक टूटकर गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। जबकि एक अन्य घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ और लोगों के घायल होने की भी आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना एनटीपीसी परियोजना के सीएचपी जेएच-1 लोकेशन पर हुई। यहां निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट के स्ट्रक्चर पर मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पूरा ढांचा टूटकर नीचे गिर गया व कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए। शुरूआती तौर पर स्ट्रक्चरल डिजाइन में खामी को हादसे की संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। चतरा एसपी अनिमेष मैथानी ने तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही टंडवा थाना प्रभारी विपिन कुमार को पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया। पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य में जुट गई है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। एक मजदूर का शव कन्वेयर बेल्ट के ढांचे में लटका हुआ दिखाई दिया, जबकि अन्य मजदूर मलबे में दब गए। घायलों को तत्काल एनटीपीसी परिसर स्थित संजीवनी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि कन्वेयर बेल्ट निर्माण का मुख्य ठेका थायसन कंपनी को मिला था। इसके बाद निर्माण कार्य पेटी ठेकेदार सिंपलेक्स कंपनी के माध्यम से कराया जा रहा था। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

