डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के नेतृत्व में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने की सुख, शांति व समृद्धि की कामना

360° Ek Sandesh Live


रांची: राजधानी रांची के महिलौंग स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर प्रांगण, बिरला नॉलेज सिटी में श्री श्री माँ जगद्धात्री पूजा का भव्य व भक्तिमय आयोजन किया गया। राज्यसभा सांसद, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री व उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी तथा माँ जगद्धात्री पूजा समिति, महिलौंग के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण रहा। कार्तिक शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि के पावन अवसर पर माँ जगद्धात्री की विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने माँ के चरणों में शीश नवाकर परिवार, समाज एवं राष्ट्र की सुख-शांति, समृद्धि तथा मंगलमय भविष्य की कामना की। पूजा के अवसर पर भोग-प्रसाद वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने माँ जगद्धात्री की आराधना के आध्यात्मिक व सांस्कृतिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि माँ जगद्धात्री शक्ति, करुणा, धैर्य और लोककल्याण की प्रतीक हैं। भारतीय सनातन संस्कृति में ऐसे धार्मिक आयोजन न केवल हमारी समृद्ध आध्यात्मिक विरासत को जीवंत रखते हैं, बल्कि समाज में एकता, सद्भाव, संस्कार व सामूहिक चेतना को भी सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सांस्कृतिक परंपराएँ समाज को एक सूत्र में पिरोने तथा नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली विरासत से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। माँ जगद्धात्री की कृपा से झारखंड सहित संपूर्ण देश में सुख, शांति, समृद्धि व सद्भाव का वातावरण बना रहे, यही कामना है। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभय कांत प्रसाद,डॉ दिनेशानंद गोस्वामी,दीपक प्रकाश, महामंत्री मनोज सिंह, मिडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, सह मीडिया प्रभारी अजय राय, प्रवक्ता आरती कुजूर,मृत्युंजय शर्मा, अशोक बड़ाईक,नगर अध्यक्ष वरुण साहू, ग्रामीण अध्यक्ष धीरज महतो,जेलेंद्र कुमार, शशिभूषण भगत,सुबोध सिंह गुड्डू, सहित जनप्रतिनिधि, प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा व प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी एवं मंडल अध्यक्ष व मंडल के पदाधिकारी समेत सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित थे।

Spread the love