कोडरमा में सबसे अधिक 54 मिमी बारिश दर्ज, रांची में तीन मिमी वर्षा, पिछले दो-तीन दिनों में अधिकतम तापमान तीन से छह डिग्री तक गिरा
Eksandeshlive Desk
रांची: चक्रवात अकवान के प्रभाव से राजधानी रांची सहित झारखंड के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 54 मिलीमीटर बारिश कोडरमा में रिकॉर्ड की गई, जबकि रांची में तीन मिलीमीटर वर्षा हुई।मौसम विभाग ने 23 नवंबर को राज्य के 12 जिलों में कहीं-कहीं घना कुहासा छाने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछले दो-तीन दिनों के दौरान हुई बारिश के कारण रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में अधिकतम तापमान में तीन से छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। तापमान गिरने से राज्यभर में ठंड बढ़ गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में अधिकतम तापमान पूर्वी सिंहभूम जिले के दारिसाई में 25.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लातेहार में 16.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रविवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह कुहासा छाया रहा। बाद में मौसम साफ हुआ और धूप खिली, लेकिन दोपहर बाद फिर बादल छा गए। इससे लोगों को कनकनी महसूस हुई।रविवार को रांची में अधिकतम तापमान 20.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम 20.4 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 24.6 डिग्री और न्यूनतम 21.3 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 25.1 डिग्री और न्यूनतम 20.5 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 25.4 डिग्री और न्यूनतम 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
