अकाली दल की राजग में वापसी, पंजाब के विकास को मिलेगी नई गति: मोदी

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शिरोमणि अकाली दल की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में वापसी का स्वागत करते हुए मंगलवार को कहा कि पंजाब और पंजाबियों के कल्याण को सर्वोपरि रखने वाला यह स्वाभाविक गठबंधन राज्य में जनहितैषी शासन सुनिश्चित करेगा और उसे प्रगति की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। मोदी ने श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर अकाली दल की राजग में वापसी को विशेष बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में कहा कि उन्हें बेहद खुशी है कि शिरोमणि अकाली दल राजग परिवार में लौट रहा है और वह भी श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के दिन। प्रधानमंत्री ने कहा, “हमारा गठबंधन स्वाभाविक है, जो यह सुनिश्चित करेगा कि पंजाब में जनहितैषी शासन हो और राज्य प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुए।” उन्होंने कहा कि पंजाब और पंजाबियों का कल्याण गठबंधन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मोदी ने अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पुराने गठबंधन का उल्लेख करते हुए कहा कि इस गठबंधन को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और शिरोमणि अकाली दल के दिवंगत नेता सरदार प्रकाश सिंह बादल ने आगे बढ़ाया था। यह गठबंधन समय की कसौटी पर खरा उतरा है। उन्होंने विश्वास जताया कि अकाली दल और भाजपा का यह गठबंधन पंजाब के लोगों की पहली पसंद बनकर उभरेगा। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में अकाली दल और भाजपा के आधिकारिक सोशल मीडिया खातों को भी टैग किया।

अकाली दल की राजग में वापसी पंजाब के लिए स्वाभाविक और आवश्यक: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शिरोमणि अकाली दल की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में वापसी का स्वागत करते हुए मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अकाली दल का गठबंधन केवल राजनीतिक गठबंधन नहीं बल्कि साझा विरासत और संकल्प पर आधारित स्वाभाविक साझेदारी है, जिसने हमेशा पंजाब में शांति और प्रगति को प्राथमिकता दी है। शाह ने श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी संदेश में अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और उनके सभी साथियों का राजग में वापसी पर हृदय से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि दोनों दलों का फिर एक मंच पर आना स्वाभाविक भी है और पंजाब के लिए आवश्यक भी है। गृह मंत्री ने कहा कि नशामुक्त पंजाब का निर्माण, गैंगस्टरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के लिए सख्त कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करना, राज्य का आर्थिक विकास और किसानों की समस्याओं का समाधान राजग की प्रमुख प्राथमिकताएं हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के कार्यकर्ता विकसित, सुरक्षित और समृद्ध पंजाब बनाने के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजग पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए संकल्पित है। शाह ने भाजपा और अकाली दल के गठबंधन को साझा विरासत से जुड़ा बताते हुए कहा कि दोनों दलों की राजनीतिक साझेदारी ने पहले भी पंजाब में शांति और विकास को आगे बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों दल मिलकर राज्य के विकास और लोगों के कल्याण के लिए काम करेंगे। उल्लेखनीय है कि शिरोमणि अकाली दल और भाजपा का लंबे समय तक राजनीतिक गठबंधन रहा है। कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल ने सितंबर 2020 में राजग से नाता तोड़ लिया था। अब दोनों दलों के फिर साथ आने को पंजाब की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।

Spread the love