MUSTFA
मेसरा (रांची): आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार को,बीआईटी मेसरा ओपी थाना परिसर में थाना प्रभारी अजय कुमार दास की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई। इसमें क्षेत्र के समाजसेवी और प्रबुद्ध नागरिक शामिल हुए। बैठक में थाना प्रभारी ने सख्त हिदायत देते हुए कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी धार्मिक क्रियाकलाप या कुर्बानी से जुड़े फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर कतई शेयर न करें। उन्होंने अपील की कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही उन्हें फैलाएं। सोशल मीडिया पर पुलिस की साइबर सेल पैनी नजर रख रही है। हुड़दंग करने या अफवाह फैलाकर शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपस्थित प्रबुद्धजनों व शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को हर संभव सहयोग देने और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने का भरोसा दिलाया। इस दौरान मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई, बिजली और पानी की मुकम्मल व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई। वहीं, थाना क्षेत्र के विभिन्न मस्जिदों में बकरीद की नमाज का समय इस प्रकार निर्धारित किया गया है: केदल जामा मस्जिद व मेसरा मस्जिद सुबह 7:00 बजे, चुट्टू ईदगाह सुबह 7:30 बजे,सिरतनगर नेवरी मस्जिद 7:30 बजे व नेवरी के अन्य चार मस्जिदो में 6:45 बजे से लेकर 7:45 बजे तक बकरीद की नमाज संपन्न हो जाएगी। इस शांति समिति की बैठक में मुख्य रूप से मनरखन महतो, हेयात अंसारी, जाकिर अंसारी, शमीम आलम, देवलाल ठाकुर, सत्येंद्र सिंह, द्वारिका ठाकुर, मजहर अंसारी, कुमार मासूम, जबुल अंसारी, नसीम अंसारी, श्रवण करमाली, गुलजार अंसारी, इमरान अंसारी, बालमुकुंद सिंह, रब्बानी अंसारी, एसआई अभय कुमार, बसंत कुमार समेत क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।
