MUSTFA
मेसरा (राँची): बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र को अपराध व नशामुक्त बनाने के लिए थाना प्रभारी अजय कुमार दास द्वारा लगातार चलाए जा रहे जागरूकता अभियान का बड़ा असर देखने को मिला है। थाना प्रभारी के आह्वान और प्रेरणा से प्रभावित होकर क्षेत्र के ग्राम नेवरी और बनटोली के ग्रामीणों ने एकजुट होकर अवैध व घरेलू शराब के कारोबार के खिलाफ सीधी जंग छेड़ दी है। थाना प्रभारी अजय कुमार दास की इस मुहिम को धरातल पर उतारने के लिए नेवरी बनटोली के आखड़ा में थाना क्षेत्र के लोकप्रिय मुखिया साधो उरांव की अध्यक्षता में एक विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। पुलिस प्रशासन के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए दोनों गाँवों के ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से पूरे क्षेत्र को पूरी तरह से नशा मुक्त बनाने का निर्णय लिया। ग्रामीणों ने फैसला किया है कि क्षेत्र में किसी भी हाल में घरेलू हड़ीया,महुआ या अन्य किसी भी प्रकार की शराब की बिक्री नहीं होने दी जाएगी। इस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए ग्रामीणों ने लगातार 6-7 दिनों तक बैठकें भी कीं। ग्रामीणों ने थाना प्रभारी अजय कुमार दास से मुलाकात कर उन्हें एक हस्ताक्षर युक्त मांग पत्र सौंपा।
आवेदन में ग्रामीणों ने बताया कि थाना प्रभारी के आह्वान पर किए गए सामूहिक निर्णय के बावजूद गाँव के कुछ लोग इस अवैध धंधे को बंद करने को तैयार नहीं हैं। ग्रामीणों ने चन्द्रभूषण उरांव,अजय उरांव,बुधु उरांव,दिनेश उरांव,निर्मल उरांव और जतरू उरांव को चिह्नित करते हुए थाना प्रभारी से मांग की है कि युवाओं के भविष्य से खेलने वाले इन शराब विक्रेताओं पर अविलंब कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। वहीं,थाना प्रभारी अजय कुमार दास ने कहा कि थाना क्षेत्र में अवैध शराब और नशीले पदार्थों की बिक्री किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रामीणों का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। पुलिस प्रशासन ग्रामीणों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है और चिह्नित किए गए शराब विक्रेताओं के खिलाफ जल्द ही कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान को सफल बनाने और थाना प्रभारी को आवेदन सौंपने वालों में मुख्य रूप से मुखिया साधो उरांव, राजकुमार उरांव, बिनोद उरांव, प्रदीप उरांव, बीरबल उरांव, सुरेश उरांव सहित दोनों गाँवों के सैकड़ों प्रबुद्ध ग्रामीण शामिल हैं।
