अमित शाह का बंगाल सरकार पर निशाना, बोले- ममता को टाटा-बाय बाय करो

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को हुगली जिले के बलागढ़ और पुरशुरा की चुनावी सभाओं से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। शाह ने दावा किया कि पांच मई के बाद राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी और तृणमूल शासन समाप्त हो जाएगा। बलागढ़ की सभा में अमित शाह ने कहा, “ममता को टाटा-बाय बाय करो, सिंडिकेटबाजों को उल्टा करके सीधा किया जाएगा।” उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में तृणमूल शासन के दौरान भ्रष्टाचार, कटमनी और सिंडिकेट राज बढ़ा है। उन्होंने चुनाव परिणाम को लेकर भी दावा किया कि पांच मई के बाद बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी और “दीदी धुलकर साफ हो जाएंगी।” शाह ने कहा कि जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है और पहले चरण के मतदान में इसका संकेत मिल चुका है।

पुरशुरा की सभा में अमित शाह ने कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद राज्य में अपराधियों और गुंडों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। शाह ने कहा, “5 मई के बाद शाम 7 बजे तो दूर, आधी रात को भी कोई युवती घर से बाहर निकलेगी तो किसी गुंडे की हिम्मत नहीं होगी उसकी ओर आंख उठाकर देखने की।” उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले का मुद्दा भी उठाया और कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं पर हमला करने वालों को 5 मई के बाद जेल भेजा जाएगा। शाह ने आरोप लगाया कि तृणमूल के संरक्षण में राजनीतिक हिंसा को बढ़ावा दिया गया है। सभा में केंद्रीय गृह मंत्री ने घुसपैठ का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद अवैध घुसपैठियों को चिन्हित कर बाहर किया जाएगा और सीमा पार से घुसपैठ रोकी जाएगी। कृषि मुद्दों पर बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि पुरशुरा और आसपास का क्षेत्र आलू उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है, लेकिन राज्य सरकार की नीतियों के कारण किसानों को उचित दाम नहीं मिल रहा है। उन्होंने वादा किया कि भाजपा सरकार बनने पर आलू के भंडारण, बीज उत्पादन केंद्र और बाहरी राज्यों में बिक्री की बेहतर व्यवस्था की जाएगी, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी। गौरतलब है कि, पश्चिम बंगाल में पहले चरण के तहत 152 सीटों पर मतदान जारी है। वहीं, वरिष्ठ नेता व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी राज्य में चुनाव प्रचार की कमान संभाल रखी है।

Spread the love