Eksandeshlive Desk
पलामू: पलामू संसदीय क्षेत्र के गढ़वा, बड़गढ़-भंडरियावासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित रेल भवन में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से पलामू सांसद विष्णु दयाल राम के नेतृत्व में चिरमिरी-अंबिकापुर-बड़गढ़-भंडरिया रेलवे लाइन निर्माण संघर्ष समिति के सदस्यों ने मुलाकात कर क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित रेल परियोजना के संबंध में विस्तृत चर्चा की। उल्लेखनीय है कि अगस्त माह में भी संघर्ष समिति के सदस्यों के साथ रेल मंत्री से मुलाकात कर अंबिकापुर-गढ़वा प्रस्तावित रेलवे लाइन के अलाइनमेंट में बड़गढ़ एवं भंडरिया को भी सम्मिलित करने का अनुरोध किया था। उस समय रेल मंत्री ने इस मांग पर गंभीरतापूर्वक विचार करने और संघर्ष समिति के सदस्यों के साथ पुनः बैठक कर चर्चा करने का आश्वासन दिया था।
सांसद ने कहा कि संघर्ष समिति की मांग को स्वीकार करते हुए रेल मंत्री ने स्वीकृत नई रेलवे लाइन अंबिकापुर-गढ़वा रोड और रामानुजगंज-बरवाडीह रेल कनेक्टिविटी के अतिरिक्त अंबिकापुर से बलरामपुर होते हुए बड़गढ़, नौका, भंडरिया, बिंदा एवं तेवाली होते हुए बरवाडीह तक नई रेलवे लाइन के निर्माण की घोषणा की है। इस प्रस्तावित रेल मार्ग में बलरामपुर एवं तेवाली में दो महत्वपूर्ण जंक्शन भी बनाए जाएंगे। यह परियोजना विशेषकर बड़गढ़, भंडरिया एवं आसपास के क्षेत्रों के लिए ऐतिहासिक एवं दूरगामी महत्व की है। इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी प्राप्त होगी। आवागमन सुगम होगा और रोजगार, व्यापार, पर्यटन और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। सांसद ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है। सांसद एवं समिति के सदस्यों ने रेल मंत्री को अमर शहीद नीलांबर-पीतांबर की प्रतिमा और मांदर भेंट कर उनका स्वागत किया। सांसद ने कहा कि यह केवल एक रेलवे लाइन नहीं, बल्कि बड़गढ़-भंडरिया सहित पूरे क्षेत्र के विकास, बेहतर कनेक्टिविटी और उज्ज्वल भविष्य की नई आधारशिला है।
