एक दिन पहले की जोरदार गिरावट के बाद शेयर बाजार की शानदार वापसी, सेंसेक्स और निफ्टी में तूफानी तेजी

Business

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली: एक दिन पहले गुरुवार की जोरदार गिरावट के बाद घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को शानदार वापसी करने में सफल रहा। दिन के कारोबार की शुरुआत भी बढ़त के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद ज्यादातर समय तेजड़िये हावी रहे। हालांकि बीच-बीच में मुनाफा वसूली के चक्कर में मामूली बिकवाली भी होती रही लेकिन बाजार में खरीदारी का जोर इतना अधिक था कि बिकवाली का कोई खास असर शेयर बाजार की चाल पर नहीं पड़ा। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.23 प्रतिशत और निफ्टी 1.30 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए। बीएसई का सेंसेक्स 183.43 अंक यानी 0.26 प्रतिशत की मजबूती के साथ 71,776.67 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण इस सूचकांक की चाल में मामूली गिरावट भी आई लेकिन थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी। शेयरों की लगातार हो रही खरीदारी के कारण आज दोपहर दो बजे के थोड़ी देर बाद यह सूचकांक 1,075.96 अंक यानी 1.50 प्रतिशत उछल कर 72,669.20 अंक के स्तर पर पहुंच गया। हालांकि आखिरी आधे घंटे के कारोबार में बाजार में हुई मुनाफा वसूली की वजह से सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 196.87 अंक टूट कर 879.09 अंक यानी 1.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 72,472.33 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने 83.15 अंक यानी 0.37 प्रतिशत की छलांग लगा कर 22,314.95 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही इस सूचकांक की चाल में मामूली गिरावट भी आई लेकिन इसके बाद खरीदारों ने आक्रामक अंदाज में लिवाली शुरू कर दी। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी 348.95 अंक यानी 1.57 प्रतिशत की छलांग लगा कर 22,580.75 अंक के स्तर पर पहुंच गया। इस स्तर पर पहुंचने के बाद मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में मामूली गिरावट भी दर्ज की गई। खासकर, आखिरी आधे घंटे के कारोबार में हुई बिकवाली के कारण निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से 60.30 अंक लुढ़क कर 288.65 अंक यानी 1.30 प्रतिशत की मजबूती के साथ 22,520.45 अंक के स्तर पर बंद हुआ। दिनभर के कारोबार के दौरान आईटी सेक्टर के शेयरों में जमकर खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का आईटी इंडेक्स 3.02 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह बीएसई के टेक इंडेक्स ने 2.10 प्रतिशत की बढ़त के साथ दिन के कारोबार का अंत किया। एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों की भी लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण बीएसई का एफएमसीजी इंडेक्स 2.02 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसके अलावा बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्युरेबल्स, हेल्थकेयर, मेटल और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। ऑयल एंड गैस सेक्टर के शेयरों में आज दिन के पहले सत्र में लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा। हालांकि दूसरे सत्र में हुई खरीदारी के सपोर्ट से बीएसई का ऑयल एंड गैस इंडेक्स भी 0.24 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद होने में सफल रहा। ब्रॉडर मार्केट में भी लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 1.56 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉल कैप इंडेक्स ने 0.54 प्रतिशत की बढ़त के साथ दिन के कारोबार का अंत किया।

दिनभर के कारोबार के दौरान एनएसई में 3,245 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,978 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,267 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से सिर्फ एक शेयर बढ़त के साथ बंद होने में सफल रहा, जबकि 29 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। वहीं, निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 46 शेयर हरे निशान में और चार शेयर लाल निशान में बंद हुए। दिनभर के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से अपोलो हॉस्पिटल 4.72 प्रतिशत, आईटीसी 4.31 प्रतिशत, आयशर मोटर्स 4.17 प्रतिशत, टीसीएस 3.85 प्रतिशत और अदानी पोर्ट्स 3.10 प्रतिशत की मजबूती के साथ दिन के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, टॉरेंट पावर 2.14 प्रतिशत, बीएसई लिमिटेड 1.43 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज 0.65 प्रतिशत, जेएसडब्ल्यू स्टील 0.61 प्रतिशत और सिप्ला 0.44 प्रतिशत की कमजोरी के साथ दिन के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

Spread the love