Eksandeshlive Desk
पूर्वी सिंहभूम : राज्य सरकार की ओर से अटल मोहल्ला क्लीनिक का नाम बदलकर मदर टेरेसा एडवांस हेल्थ क्लीनिक किए जाने के फैसले पर भाजपा ने कड़ा विरोध जताया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिए गए इस निर्णय को भाजपा ने राष्ट्रवादी विचारधारा के खिलाफ एक सोची-समझी साजिश करार दिया है। गुरुवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि यह निर्णय झारखंड सरकार की निम्नस्तरीय राजनीति और तुष्टिकरण की प्रवृत्ति को दर्शाता है।
सुधांशु ओझा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी झारखंड के निर्माता रहे हैं। उनकी दूरदर्शिता और मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति के कारण वर्षों पुरानी अलग राज्य की लंबित मांग साकार हुई। संपूर्ण झारखंडवासी उनके ऐतिहासिक योगदान के लिए हमेशा ऋणी रहेगा। लेकिन मौजूदा झामुमो-कांग्रेस सरकार उनके नाम को योजनाओं से हटाकर तुष्टिकरण की राजनीति के तहत सस्ती लोकप्रियता बटोरना चाह रही है, जो निंदनीय है। सुधांशु ओझा ने कहा कि अटल मोहल्ला क्लीनिक की शुरुआत तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में की गई थी। इस योजना के माध्यम से गरीब बस्तियों में प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं सुलभ कराई गईं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब योजना का उद्देश्य जनहित है तब नाम बदलकर इसका राजनीतिकरण क्यों किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार नई योजनाएं शुरू करने में विफल है। यह सरकार केवल पूर्ववर्ती भाजपा सरकार की योजनाओं के नाम बदलकर सस्ती लोकप्रियता हासिल करना चाहती है। ओझा ने सरकार से इस निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग करते हुए कहा कि अटल वाजपेयी जैसे राष्ट्रपुरुषों का अपमान झारखंड की जनता और भाजपा कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।