मेसरा (रांची): बीआईटी मेसरा ओपी थाना क्षेत्र के चुट्टू,शिव-शक्ति नगर नीम टांड़ में अज्ञात चोरों ने एक बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर लगभग 10 लाख रुपये की संपत्ति की चोरी कर ली। घटना के वक्त गृहस्वामिनी मीना देवी (63),पति स्व. सृष्टिधर मांझी,निजी कार्य से खूंटी गई हुई थीं। 13 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे पड़ोसी की सूचना पर जब गृहस्वामिनी घर पहुंचीं,तो देखा कि मुख्य द्वार और कमरे का ताला टूटा हुआ था। चोरों ने अलमारी का लॉक तोड़कर 3 लाख रुपये नकद,सोने के आभूषण (चेन,टॉप्स,झुमके,लॉकेट) तथा चांदी के जेवर (चेन,कड़ा,कमरबंद) साफ कर दिए थे। पीड़िता के अनुसार चोरी हुई कुल संपत्ति का अनुमानित मूल्य 10 लाख रुपये है। पीड़िता ने बीआईटी थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन और घटनास्थल का निरीक्षण करने में जुट गई है।
