सानवी पवार बनीं सावन सुंदरी 2026, पूजा इंदुरकर फर्स्ट रनरअप और प्रियंका जाधव सेकंड रनरअप
सुनील चिंचोलकर
बिलासपुर/छत्तीसगढ़: जीजामाता मराठा महिला मंडल, पंजीयन क्रमांक 164 द्वारा आई तुलजा भवानी मंदिर परिसर में सावन उत्सव हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल की अध्यक्ष राखी जाधव ने की। उनकी अगुवाई में आयोजित इस उत्सव में समाज की महिलाओं ने पारंपरिक परिधान, सावन गीत, भजन, नृत्य एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ आई तुलजा भवानी की पूजा-अर्चना एवं माता रानी के श्रृंगार से हुआ। माता को हरी साड़ी और हरी चूड़ियां पहनाकर श्रृंगार किया गया। इसके बाद समाज की वरिष्ठ महिलाओं द्वारा दीप प्रज्वलन कर जीजामाता की तस्वीर पर हल्दी-कुमकुम लगाकर माल्यार्पण किया गया। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि डॉ. उषा किरण बाजपेई, अध्यक्ष राखी जाधव एवं संरक्षक लक्ष्मी वासिग को मंच पर सम्मानित किया गया। उन्हें पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट किए गए। पूजा इंदुरकर ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। वहीं उषा जाधव ने सावन शायरी प्रस्तुत कर वातावरण को मनमोहक बनाया। प्रीति शिंदे, सुनीता वॉशिंग एवं रोशनी महाडिक ने सावन गीत एवं भजन प्रस्तुत किए।
सानवी पवार बनीं सावन सुंदरी 2026
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण सावन सुंदरी 2026 प्रतियोगिता रही। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों का चयन प्रेजेंटेशन, आत्मविश्वास, प्रश्नोत्तर एवं प्रतिभा के आधार पर किया गया। निर्णायक मंडल में शैलजा दाभाड़े, आशा शर्मा एवं प्रतिभा तिवारी शामिल रहीं। प्रतियोगिता में सानवी पवार को जीजामाता मराठा महिला मंडल की सावन सुंदरी 2026 चुना गया। पूजा इंदुरकर फर्स्ट रनरअप तथा प्रियंका जाधव सेकंड रनरअप रहीं। अनु भोसले को बेस्ट कॉन्फिडेंस और शिल्पा मूले को बेस्ट ड्रेस अप का खिताब मिला। वरिष्ठ महिलाओं के नाम से आयोजित सावन सुंदरी गोल्ड लकी ड्रॉ की विजेता लक्ष्मी भोंसले रहीं।
अहिल्याबाई होल्कर जयंती पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता के परिणाम घोषित
कार्यक्रम के दौरान 30 मई को अहिल्याबाई होल्कर जयंती के अवसर पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता के परिणाम भी घोषित किए गए। मोस्ट सीनियर वर्ग में गोदावरी भोंसले प्रथम तथा उषा जाधव द्वितीय रहीं। जूनियर वर्ग में चेष्टा गायकवाड़ प्रथम, झलक शिंदे द्वितीय एवं अनन्या जाधव तृतीय रहीं। सीनियर वर्ग में दुर्गा शिंदे प्रथम, सृष्टि भोंसले द्वितीय एवं पुष्पा तोड़कर तृतीय स्थान पर रहीं। मंडल की अध्यक्ष राखी जाधव ने बताया कि इस अवसर पर लक्ष्मी वॉशिंग द्वारा प्रश्न पूछ कर सही उत्तर देने वालों को पुरस्कार स्वरूप की रिंग प्रदान की गई। कार्यक्रम का मंच संचालन रोशनी महाडिक, सुनीता वॉशिंग एवं रानी जाधव ने किया तथा आभार प्रदर्शन रोशनी महाडिक ने किया। कार्यक्रम में समाज की बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर मंडल की अध्यक्ष राखी जाधव ने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा एवं संस्कृति से जुड़ने का अवसर देने के साथ समाज में आपसी एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के दौरान मराठा समाज में हाल ही में हुई जनहानि पर भी गहरा दुख व्यक्त किया गया। समाज के पांच परिवारों के शोक में होने के कारण कार्यक्रम के अंत में मृत आत्माओं की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की गई और दो मिनट का मौन रखकर कार्यक्रम का समापन किया गया।
