बंदगांव थाना प्रभारी 15 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

Crime

Eksandeshlive Desk

पश्चिमी सिंहभूम: पश्चिमी सिंहभूम जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बंदगांव थाना प्रभारी मनीष कुमार को गुरुवार को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। जमशेदपुर एसीबी की टीम ने शिकायत के सत्यापन के बाद योजनाबद्ध तरीके से यह कार्रवाई की। दरअसल, बंदगांव थाना में दर्ज एनडीपीएस अधिनियम से जुड़े एक मामले में आरोपी का नाम हटाने और मामले में मदद करने के एवज में थाना प्रभारी ने शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।

रिश्वत मांगे जाने की शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने उसका सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने पर टीम ने थाना प्रभारी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार गुरुवार को शिकायतकर्ता रिश्वत की रकम लेकर थाना प्रभारी के पास पहुंचा। जैसे ही मनीष कुमार ने 15 हजार रुपये स्वीकार किए, पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने रिश्वत की रकम बरामद कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसीबी की टीम आरोपित पुलिस अधिकारी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।

Spread the love