By Mustaffa
मेसरा (रांची): आम जनता की समस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी निष्पादन को लेकर शुक्रवार को बीआईटी मेसरा ओपी थाना परिसर में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शाम 4 से 6 बजे तक चले इस शिविर की अध्यक्षता थाना प्रभारी अजय कुमार दास ने की। शहर में दोपहर से हो रही मूसलाधार बारिश और खराब मौसम के चलते शिविर में फरियादियों की संख्या अमूमन कम ही रही। इसके बावजूद जो लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे,उन्हें पुलिस प्रशासन की ओर से त्वरित राहत प्रदान की गई। शिविर के दौरान मुख्य रूप से भूमि विवाद,मोबाइल गुमशुदगी और घरेलू कलह से जुड़े मामले सामने आए। थाना प्रभारी अजय कुमार दास ने दोनों पक्षों की बातें सुनकर कई मामलों का मौके पर ही (ऑन द स्पॉट) निष्पादन कर दिया। वहीं,मोबाइल गुमशुदगी के मामलों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल तकनीकी कार्रवाई का निर्देश दिया गया। जन शिकायत समाधान के दौरान पुलिस और पब्लिक के बीच सीधा संवाद देखने को मिला। मौके पर पुलिस अवर निरीक्षक (पुअनि) अभय कुमार समेत ओपी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे,जिन्होंने आवेदनों की जांच और सुनवाई में सक्रिय भूमिका निभाई।
