By Sunil
रांची: अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन रांची शाखा ने मंगलवार को शिवनारायण मारवाड़ी कन्या मध्य पाठशाला में 13 वें पांच दिवसीय नि:शुल्क समर कैंप का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विघ्नहर्ता गणेश के स्मरण, सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलित कर राष्ट्रीय बाल विकास प्रमुख रूपा अग्रवाल और विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मीना ओझा एवं सुनीता ओझा ने संयुक्त रूप से किया। मौके पर उषा विजयवर्गीय ने ओम् का उच्चारण एवं गायत्री मंत्र और मंजू केडिया ने हमको मन की शक्ति देना प्रार्थना एवं भजन सिखाया। पढ़ाई के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में छात्राओं की प्रतिभा को निखारने एवं आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे समर कैंप के पहले दिन कक्षा में छठी से आठवीं की 85 छात्राओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। वही, बेबी शर्मा ने योग , मीतू विजयवर्गीय ने नृत्य और समिति की बहनों द्वारा एनवेलप मेकिंग और चित्रकला का प्रशिक्षण दिया गया। सभी बच्चों को ड्राइंग कापी कलर,पेंसिल, इरेजर, शार्पनर, टॉफी, बिस्कुट और स्नेक्स दिए गए। कार्यक्रम में अहम भूमिका नैना मोर, रेखा जैन, बिना बुबना, अर्चना अग्रवाल, पूनम टेकरीवाल, स्वर्ण जैन, चंदा सिंघल की रही।
