News By Sunil
रांची। केंद्र सरकार की ओर से देश के तीन राज्यों में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना की घोषणा के क्रम में झारखंड में प्रस्तावित संस्थान के लिए रांची जिले के इटकी प्रखंड में भूमि चयन की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी क्रम में राष्ट्रिय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने गुरुवार को इटकी प्रखंड में प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ भूमि की उपलब्धता व अन्य आवश्यक पहलुओं की समीक्षा की। अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने अंचल अधिकारी इटकी को संस्थान की स्थापना के लिए 40 एकड़ भूमि चिन्हित करते हुए उसकी नापी का कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि आगामी प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाई जा सकें। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना से झारखंड में आयुर्वेद चिकित्सा, शिक्षा, अनुसंधान व प्रशिक्षण को नई दिशा मिलेगी। साथ ही राज्य के लोगों को उच्च गुणवत्ता वाली आयुष स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त होगा। निरीक्षण के दौरान अंचल अधिकारी, इटकी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, जिला यक्षमा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक व अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
