कुएं से 19 वर्षीय युवती का शव बरामद, पुलिस कर रही जांच

360° Ek Sandesh Live

By अजय राज
प्रतापपुर (चतरा): प्रतापपुर थाना क्षेत्र के सिद्की गांव में गुरुवार को एक कुएं से 19 वर्षीय युवती का शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रतापपुर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। मृतका की पहचान गांव निवासी महेंद्र भारती की 19 वर्षीय पुत्री के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया है। परिजनों के अनुसार, युवती रविवार तक घर पर थी। सोमवार को वह बिना किसी को बताए घर से निकल गई थी। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। गुरुवार को ग्रामीणों ने गांव के एक कुएं में शव देखा और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। देखते ही देखते घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चचार्एं हो रही हैं। कुछ लोग इसे प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रहे हैं, हालांकि पुलिस ने किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस साक्ष्य जुटाने और आवश्यक पूछताछ में जुटी हुई है।

Spread the love