News Mustaffa
केदल में 28 जून को निकलेगा मुहर्रम का जुलूस, बीआईटी मोड़ बाजार टांड़ में सजेगा भव्य अखाड़ा
मेसरा (रांची): आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण,सुरक्षित और आपसी भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को बीआईटी मेसरा ओपी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। थाना प्रभारी अजय कुमार दास की अध्यक्षता में हुई इस बैठक का संचालन स्थानीय पत्रकार मुस्तफा अंसारी ने किया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि केदल में मुहर्रम का जुलूस आगामी 28 जून (दिन रविवार) को निकाला जाएगा। परंपरा को जीवंत रखते हुए इस साल भी बीआईटी मोड़ स्थित बाजार टांड़ में भव्य तरीके से मुहर्रम जुलूस सह अखाड़ा खेल का प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान पुलिस और स्थानीय वालंटियर्स चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद रहेंगे। थाना प्रभारी अजय कुमार दास ने कहा,बीआईटी मेसरा क्षेत्र का गौरवशाली इतिहास रहा है कि यहाँ सारे त्योहार आपसी भाईचारे और कौमी एकता के साथ मनाए जाते हैं। इस खूबसूरत मिसाल को हर हाल में कायम रखना है। हुड़दंग मचाने,नशा करने या सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा,गड़बड़ी करने वालों को सीधे जेल भेजा जाएगा। जिप सदस्य सह जिलाध्यक्ष आजसू पार्टी संजय कुमार महतो ने कहा,प्रशासन की मुस्तैदी सराहनीय है। क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और अमन-चैन बनाए रखने में हम सभी जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मिलकर पुलिस प्रशासन को अपना हरसंभव सहयोग देंगे। केदल अंजुमन सदर समीम आलम ने कहा,मुहर्रम का यह त्योहार हमारी एकता का प्रतीक है। सभी अखाड़ा समितियों के वालंटियर्स पूरी तरह सक्रिय रहेंगे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दी जाएगी। वहीं,मनन विद्या अध्यक्ष मनरखन महतो ने कहा कि,गाँव के सभी प्रबुद्ध नागरिक और युवा मिलकर इस पारंपरिक त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाएंगे। प्रशासन और ग्रामीणों का यह आपसी सौहार्द हर बार की तरह इस बार भी मिसाल बनेगा। इस मौके पर मुख्य रूप से उपमुखिया मझर अंसारी,राधाचरण सिंह,जावेद अख्तर,देवलाल ठाकुर,जितेन्द्र महतो,द्वारिका ठाकुर,महमुद अंसारी,नारायण महतो,कुमार मासुम,श्रवण करमाली,रेयाज,जासीम छोटू,फैयाज अली,अनवारूल,जहांगीर,सउद,रफीक एवं एसआई रामेश्वर वर्मा,एसआई बसंत कुमार,एएसआई अंजय चंद्रवंसी के अलावे विभिन्न अखाड़ा समिति के पदाधिकारी व क्षेत्र के कई गणमान्य और मीडियाकर्मी उपस्थित थे।
