वीर शहीद पोटो हो खेल मैदान की राशि गबन का मामला:
बोर्ड लगाकर धरातल पर कार्य नदारद, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
अशोक अनन्त
चतरा: जिला के हंटरगंज प्रखंड से एक बेहद हीं अजीबोगरीब मामला सामने आया है। उरैली पंचायत मनरेगा से वीर शहीद पोटो हो खेल मैदान में घपला का आरोप है इसे लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि खेल मैदान निर्माण के नाम पर लगभग ढाई लाख रुपये खर्च दिखाए गए हैं, लेकिन धरातल पर अब तक मैदान का निर्माण नहीं हुआ है वहीं मजदूरों का हक हलाल करते हुए सिर्फ जेसीबी मशीन चलाकर खानापूर्ति किया गया है।₹2.39 लाख की लागत से स्वीकृत “वीर शहीद पोटो हो खेल मैदान” योजना (वर्क कोड: 3417001027/AV/7080901172087) में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के खिलाफ ग्रामीणों ने जिला उपायुक्त से लिखित शिकायत कर जांच की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि कागजों पर योजना को पूरा दिखाकर राशि का गबन कर लिया गया है, जबकि धरातल पर सिर्फ जेसीबी से थोड़ी खुदाई करके काम को आधा-अधूरा छोड़ दिया गया है। ग्रामीणों ने इस वित्तीय अनियमितता के लिए स्थानीय मुखिया, पंचायत सेवक, रोजगार सेवक और कनीय अभियंता की मिलीभगत को जिम्मेदार बताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने और खेल मैदान का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की है।
पूर्व में प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को आवेदन देकर जांच पड़ताल कर निर्माण कार्य पूर्ण कराने की मांग की थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने से असंतुष्ट ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और उपायुक्त रवि आनंद को आवेदन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
उपायुक्त रवि आनंद ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि मामले की जल्द से जल्द जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
