रांची। राजधानी रांची की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन मंगलवार देर रात करीब एक बजे अचानक सड़कों पर उतर गए। उन्होंने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों, संवेदनशील इलाकों, पुलिस चेकिंग प्वाइंट और रात्रि गश्ती व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। बिना पूर्व सूचना किए गए इस निरीक्षण से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसएसपी ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया, जबकि मुस्तैदी से ड्यूटी निभा रहे पुलिसकर्मियों की सराहना भी की। निरीक्षण के क्रम में एसएसपी सबसे पहले हिंदपीढ़ी थाना पहुंचे। यहां निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी और ओडी प्रभारी दोनों ड्यूटी के समय अनुपस्थित मिले। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए एसएसपी ने दोनों अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया और उनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी के दौरान किसी भी अधिकारी की अनधिकृत अनुपस्थिति स्वीकार नहीं की जाएगी। इसके बाद एसएसपी अरगोड़ा थाना पहुंचे। यहां मुख्य प्रवेश द्वार बंद मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और थाना प्रभारी को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिया कि थाना परिसर आम नागरिकों के लिए 24 घंटे खुला रहना चाहिए, ताकि किसी भी समय शिकायत या सहायता के लिए आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।रात्रि निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने बिरसा चौक, मेन रोड, एकरा मस्जिद, हरमू बाइपास, अरगोड़ा चौक सहित कई संवेदनशील स्थानों का भी दौरा किया। उन्होंने वहां तैनात पुलिस बल की गतिविधियों, नाकेबंदी, वाहन जांच अभियान और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से बातचीत कर आवश्यक जानकारी ली तथा चेकिंग रजिस्टर और ड्यूटी रिकॉर्ड का भी निरीक्षण किया।एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को निर्देश दिया कि रात के समय संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पीसीआर वाहन और टाइगर मोबाइल की नियमित गश्त को और प्रभावी बनाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने का आदेश दिया।निरीक्षण के दौरान एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपराधी चाहे कितना भी प्रभावशाली या रसूखदार क्यों न हो, उसके खिलाफ बिना किसी दबाव, पक्षपात या भेदभाव के सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। राजधानी के नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।उन्होंने ड्यूटी के प्रति पूरी ईमानदारी, अनुशासन और मुस्तैदी से कार्य कर रहे पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन भी किया। साथ ही सभी थाना प्रभारियों, पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को निर्देश दिया कि वे हर समय अलर्ट रहें, आम जनता की हरसंभव सहायता करें तथा रात के समय शांति भंग करने या उपद्रव फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।
