बेटियों की सुरक्षा पर कृति सेनन ने उठाई आवाज, बेटी दिवस पर दिया खास संदेश

Entertainment

Eksandeshlive Desk

मुंबई: बेटी दिवस के मौके पर अभिनेत्री कृति सेनन ने सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अहम सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बेटी दिवस मनाने के साथ-साथ समाज को यह भी सोचना चाहिए कि आज कितनी युवा महिलाओं को सार्वजनिक जगहों पर अपनी सुरक्षा को लेकर लगातार सतर्क रहना पड़ता है। अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में कृति ने रोजमर्रा की उन परिस्थितियों का जिक्र किया, जिनसे कई लड़कियां गुजरती हैं।

कृति ने बताया कि लाइव लोकेशन शेयर करना, साथ में पेपर स्प्रे रखना, अकेले पैदल जाने के बजाय कैब लेना या सुरक्षित महसूस करने के लिए किसी को फोन करना आज कई महिलाओं की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है। उन्होंने सवाल किया कि अगर कोई बेटी फोन करके बताए कि कुछ लोग उसका पीछा कर रहे हैं या वह अकेले घर लौटते समय बार-बार पीछे मुड़कर देख रही है, तो उसके परिवार को कैसा महसूस होगा। अभिनेत्री ने कहा कि बेटी दिवस का वास्तविक अर्थ तभी होगा, जब महिलाएं बिना डर के सार्वजनिक स्थानों पर अपनी जिंदगी जी सकें।

कृति ने अपने संदेश में ऐसे समाज की जरूरत पर जोर दिया, जहां कोई महिला रात में अकेले घर लौट सके, अंधेरे के बाद पार्क में बैठ सके, अपनी पसंद के कपड़े पहन सके और बिना किसी डर के सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल कर सके। उन्होंने उम्मीद जताई कि वह दिन आए जब बेटियों को सुरक्षित पहुंचने के बाद बार-बार अपनी लोकेशन बताने वाले संदेश न भेजने पड़ें। कृति की इस पोस्ट ने महिलाओं की सुरक्षा और समाज की जिम्मेदारी को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा छेड़ दी है।

Spread the love