बगड़ो पंचायत में 25 दिवसीय लाह चूड़ी प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ, 20 अनुसूचित जाति की महिलाएं होंगी प्रशिक्षित

360° Ek Sandesh Live


कोडरमा: जिले के डोमचांच प्रखंड अंतर्गत बगड़ो गांव स्थित पंचायत भवन में 25 दिवसीय लाह चूड़ी प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ शुक्रवार को किया गया। यह प्रशिक्षण मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड की विशेष घटक योजना के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से कुल 20 अनुसूचित जाति की महिलाओं को लाह चूड़ी निर्माण व विभिन्न आकर्षक डिजाइनों को तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण मास्टर ट्रेनर वसीम के माध्यम से दिया जाएगा। वे जयपुर में लाह चूड़ी निर्माण के क्षेत्र में कार्य कर चुके हैं व अपने अनुभव व तकनीकी कौशल के माध्यम से महिलाओं को प्रशिक्षित करेंगे। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं का कौशल विकास करना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना व स्वरोजगार के अवसरों से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करना है। प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाएं लाह चूड़ी निर्माण की विभिन्न तकनीकों व डिजाइनों को सीखकर भविष्य में स्वयं का रोजगार शुरू कर सकेंगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ बगड़ो पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि राजेंद्र प्रसाद यादव, पंचायत समिति सदस्य विजय कुमार, मुख्यमंत्री लघु व कुटीर उद्यम विकास बोर्ड के जिला समन्वयक शशिपति त्रिपाठी व प्रशिक्षण एजेंसी सीसीडीएस के ट्रेनिंग कोआॅर्डिनेटर अब्दुल अंसारी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर बोर्ड की ओर से प्रशिक्षणार्थियों के बीच प्रशिक्षण से संबंधित टूलकिट का भी वितरण किया गया, ताकि महिलाएं प्रशिक्षण के दौरान व्यावहारिक रूप से लाह चूड़ी निर्माण का कार्य सीख सकें। कार्यक्रम का संचालन मुख्यमंत्री लघु व कुटीर उद्यम विकास बोर्ड के प्रखंड समन्वयक आशुतोष कुमार सिन्हा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सृजन फाउंडेशन की प्रतिनिधि अनीता कुमारी ने किया।

Spread the love