भीषण गर्मी की चपेट में झारखंड, डाल्टनगंज में तापमान पहुंचा 44 डिग्री के पार

360°

Eksandeshlive Desk

रांची : पूरा राज्य इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। पलामू, गढ़वा और चतरा सहित राज्य के कई जिलों में भीषण लू चल रही है। लू की चपेट में आकर बड़े, बुजुर्ग और बच्चे बीमार पड़ रहे हैं। माैसम विभाग के अनुसार भीषण गर्मी के कारण डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री पहुंच गया है, जबकि राजधानी रांची में भी तापमान 40 डिग्री को पार कर गया है। इसके अलावा गुमला, चाईबासा, बोकारो और जमशेदपुर में भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री को पार कर गया है। मौसम विभाग ने 27, 28 और 29 अप्रैल को राज्य के कई जिलों में गर्जन के साथ बारिश होने, ओलावृष्टि और वज्रपात की संभावना व्यक्त की है। साथ ही इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना है। इसे लेकर विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इधर, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 44.6 डिग्री, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस गुमला में रिकॉर्ड किया गया।

सुबह होते ही चुभती हैं सूर्य की किरणें : भीषण गर्मी के चलते रविवार काे दोपहर में राजधानी रांची की सड़कें लगभग खाली नजर आईं। स्थानीय लाेगाें ने बताया कि सुबह होते ही सूरज की किरणें शरीर को चुभने लगती हैं। नहाने के बाद फिर से नहाने की इच्छा प्रबल होने लगती है। बच्चे भारी गर्मी के कारण पानी से खेलने में अधिक रुचि दिखा रहे हैं। वहीं लोग मनोरंजन और गर्मी को देखते हुए वाटर पार्क की ओर रुख करने लगे हैं। माैसम विभाग के अनुसार रविवार को रांची में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 40.3 डिग्री और न्यूनतम 27.8 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 44.6 और न्यूनतम 25.1 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 41.2 डिग्री और न्यूनतम 27.1 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

Spread the love