केदल में मंडा पूजा की तैयारियां तेज,23 मई को दहकते अंगारों पर आस्था की परीक्षा देंगे श्रद्धालु

Ek Sandesh Live

News by Mustaffa

​मेसरा : राजधानी रांची के कांके प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत केदल स्थित शिव मंडा टांड़ में आगामी मंडा पूजा महोत्सव को लेकर श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। रविवार को मंदिर प्रांगण में मुखिया आर मुंडा की अध्यक्षता और मंडा पूजा समिति के अध्यक्ष महादेव करमाली के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में केदल,होम्बई,गेतलातू और फुरहुरा टोला के ग्रामीण एवं समिति के सदस्यों ने भारी संख्या में भाग लिया और सर्वसम्मति से पूजा के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की। समिति ने निर्णय लिया है कि मंडा पूजा का मुख्य आयोजन 23 मई 2026 (शनिवार) को होगा। इस रात 9 बजे से फूलखुंदी कार्यक्रम आयोजित होगा,जहाँ श्रद्धालु दहकते अंगारों पर चलकर अपनी अटूट आस्था का प्रदर्शन करेंगे। इसके पश्चात रात्रि 11 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत छऊ नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति होगी। अगले दिन,24 मई (रविवार) की सुबह 8 बजे झूलन कार्यक्रम के साथ महोत्सव का समापन होगा। पूजा की औपचारिक शुरुआत 18 मई को डागर कार्यक्रम और भोक्ता मुंडन के साथ की जाएगी। वहीं,आयोजन को भव्य रूप देने और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए समिति ने प्रत्येक घर से 500 रुपये की सहयोग राशि निर्धारित की है। अध्यक्ष महादेव करमाली ने कहा कि यह आयोजन हमारी संस्कृति और अटूट आस्था का प्रतीक है,जिसे चारों टोला के ग्रामीण मिलकर सफल बनाएंगे। अनुष्ठान को अनुशासन के साथ संपन्न कराने के लिए पूरी टीम सक्रिय रूप से जुटी हुई है। बैठक में ​समिति के सचिव राजेश महतो,कोषाध्यक्ष सिकंदर कुमार महतो,उपाध्यक्ष विनोद कुमार,​पंसस लीलावती देवी,कैलाश महतो,जितेन्द्र महतो,​ग्राम प्रधान मधु पाहन व सोहन मुंडा सहित सक्रिय सदस्य और भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। सभी सदस्यों ने इस धार्मिक अनुष्ठान को शांतिपूर्ण और भव्य तरीके से संपन्न कराने का सामूहिक संकल्प लिया।

Spread the love