भू-धंसान में दो मकान जमींदोज

360° Ek Sandesh Live

धनबाद। कोयलांचल में लगातार हो रही भू-धंसान की घटनाओं के बीच रविवार को लोयाबाद थाना क्षेत्र के सात नंबर मुस्लिम मोहल्ले में अचानक जमीन धंसने से अफरा-तफरी मच गई। तेज धमाके जैसी आवाज के साथ हुए भू-धंसान की चपेट में चार मकान आ गए। इनमें दो मकान पूरी तरह जमींदोज हो गए, जबकि दो अन्य मकान भी प्रभावित हुए हैं। हादसे में घरों में रखा गृहस्थी का सामान भी जमीन के अंदर समा गया। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।स्थानीय लोगों के अनुसार, रविवार को अचानक तेज आवाज के साथ जमीन धंसने लगी। घटना को देखकर इलाके में भगदड़ मच गई। लोग दहशत में अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। बताया गया कि प्रभावित मकानों में मौजूद लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इससे बड़ा हादसा टल गया।घटना की सूचना मिलते ही लोयाबाद थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने प्रभावित क्षेत्र की घेराबंदी कर बैरिकेडिंग कर दी, ताकि लोग धंसी जमीन के आसपास नहीं जा सकें।इधर, प्रशासन और बीसीसीएल के अधिकारियों ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। अधिकारियों द्वारा प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर भू-धंसान के कारणों और इसके दायरे का आकलन किया जा रहा है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों ने प्रभावित क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और स्थायी समाधान की मांग की है।

Spread the love