कटकमदाग पुलिस ने दो मामलों में लापता किशोरियों को बरामद कर परिजनों को सौंपा

360°


कटकमदाग/हजारीबाग: कटकमदाग थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में लापता हुई दो किशोरियों को बरामद कर लिया है। पुलिस ने दोनों को अलग-अलग स्थानों से बरामद करने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उनके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार, कटकमदाग थाना कांड संख्या 165/26, दिनांक 08 सितंबर 2026, धारा 87 बीएनएस के तहत एक किशोरी के लापता होने की शिकायत दर्ज की गई थी। किशोरी एक सितंबर को बांका स्थित अपने घर से लापता हुई थी। पुलिस ने सूचना व जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे 19 सितंबर को हटिया रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया। बताया गया कि किशोरी मुंबई जाने के क्रम में हटिया रेलवे स्टेशन पहुंची थी। वहीं, दूसरे मामले में कटकमदाग थाना कांड संख्या 176/26, दिनांक 18 सितंबर 2026, धारा 96 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसमें सुल्ताना, कटकमदाग निवासी एक किशोरी 16 सितंबर से अपने घर से लापता थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे 19 सितंबर को रामगढ़ जिले के भुरकुंडा क्षेत्र से बरामद किया। पुलिस ने दोनों मामलों में लापता किशोरियों को सकुशल बरामद करने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की व उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से दोनों परिवारों को राहत मिली है।

Spread the love