बिरसा कृषि विश्वविद्यालय का 9वां दीक्षांत समारोह 8 को

360° Ek Sandesh Live

राज्यपाल 12 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल प्रदान करेंगे

रांची। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय का 9वां दीक्षांत समारोह 8 अक्टूबर को कांके स्थित मुख्य परिसर में होगा। राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में दीक्षांत भाषण देंगे।
विशिष्ट अतिथि के रूप में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ तथा झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की की उपस्थिति रहेगी। कुलपति डॉ एससी दुबे और कुलसचिव डॉ शैलेश चट्टोपाध्याय के नेतृत्व में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके लिए विश्वविद्यालय अधिकारियों और वैज्ञानिकों की कई समितियां बनाई गई हैं। इस अवसर पर कुल 387 छात्र-छात्राओं को कृषि, बागवानी, कृषि अभियंत्रण, जैव प्रौद्योगिकी, कृषि व्यवसाय प्रबंधन, पशु चिकित्सा एवं पशुपालन, वानिकी, मात्स्यिकी विज्ञान और दुग्ध प्रौद्योगिकी में स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी। इसमें से 335 विद्यार्थी स्नातक की डिग्री, 48 मास्टर्स की तथा 4 शोधार्थी पीएचडी की उपाधि प्राप्त करेंगे। इसके अतिरिक्त 11 छात्र-छात्राओं को यूनिवर्सिटी गोल्ड मेडल तथा एक विद्यार्थी को चांसलर गोल्ड मेडल प्रदान किया जाएगा। राज्य के विभिन्न जिलों में अवस्थित बीएयू के 11 महाविद्यालयों के विद्यार्थी डिग्री प्राप्त करने आएंगे। डिग्री प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को सुबह 10.15 तक दीक्षांत मंडप में उपस्थित हो जाना अनिवार्य रहेगा।

Spread the love