बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में प्रशासन ने की छापेमारी, नहीं मिले आपत्तिजनक सामान

Crime States

Eksandeshlive Desk
रांची : धनबाद जेल में गैंगस्टर अमन सिंह की गोली मारकर हत्या के बाद राज्य के सभी जेलों में औचक निरीक्षण की कार्रवाई चल रही है। इसी कड़ी में गुरुवार की सुबह करीब पांच बजे डीसी के निर्देश पर रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में छापेमारी की गई। यह छापेमारी करीब आठ बजे तक चली। जेल के अंदर प्रत्येक वार्ड एवं सेल की गहन तलाशी ली गई।
छापेमारी का नेतृत्व डीडीसी दिनेश कुमार यादव ने किया। इस दौरान जेल में मौजूद अस्पताल की भी गहन जांच की गई। साथ ही महिला पुलिसकर्मियों ने प्रत्येक महिला वार्ड की भी तलाशी ली। छापेमारी दल ने महिला कैदी वार्ड के अलावा जेल के हॉस्पिटल को भी खंगाला। रांची के एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि छापेमारी के दौरान किसी भी तरह का कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला है। हर वार्ड को बारीकी से खंगाला गया है।
टीम में रांची सिटी एसपी राजकुमार मेहता, एसडीएम, एडीएम लॉ एंड आॅर्डर भी शामिल थे।
उल्लेखनीय है कि रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में कई कुख्यात अपराधियों और नक्सलियों के अलावा हाई प्रोफाइल कैदी भी बंद हैं। कई पावर ब्रोकर और जमीन के कारोबारी भी बंद हैं। पिछले दिनों इसी जेल के अधीक्षक और जेलर की कार्यशैली पर ईडी द्वारा सवाल उठाए जाने के बाद दोनों का तबादला कर दिया गया था।