Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली: बिसलेरी इंटरनेशनल ने अपने बोतलबंद पेयजल को पीने के लिए सुरक्षित बताया है। कंपनी ने कहा कि जांच में ब्रोमेट का स्तर तय सीमा के भीतर पाया गया है। कंपनी ने सोमवार को बताया कि वह इस मुद्दे के समाधान के लिए खाद्य नियामक के साथ सहयोग करेगी। बिसलेरी का ये बयान भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) की ओर से कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई (प्रॉसिक्यूशन) को मंजूरी दिए जाने के बाद आया है। बिसलेरी इंटरनेशनल ने कहा कि उसे एफएसएसएआई से कोई नोटिस नहीं मिला है। बिसलेरी ने कहा कि यह मामला करीब 14 महीने पुराना है और सितंबर, 2025 में उसके गोवा स्थित विनिर्माण संयंत्र में तैयार एक बैच से जुड़ा है। गोवा संयंत्र कंपनी के नेटवर्क के 143 संयंत्रों में से एक है।
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण ने 30 सितंबर, 2025 को गोवा संयंत्र से छह नमूने लिए थे। शुरुआती जांच में पांच नमूने सभी लागू मानकों पर खरे उतरे, लेकिन छठे नमूने में ब्रोमेट का स्तर 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर दर्ज किया गया, जबकि इसकी तय सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है। बिसलेरी की 22 नवंबर, 2025 की अपील के बाद एफएसएसएआई ने उस नमूने को दोबारा जांच के लिए नामित (रेफरल) प्रयोगशाला में भेजा था। बिसलेरी ने कहा कि नामित प्रयोगशाला ने नमूने में ब्रोमेट को तय सीमा के भीतर पाया और अलग से नमूने में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएच) की मौजूदगी की बात कही। कंपनी ने दो फरवरी में एक औपचारिक पत्र के साथ स्वतंत्र जांच के नतीजे एफएसएसएआई के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को सौंप दिए। उस पत्र के बाद हमें एफएसएसएआई से आगे कोई सूचना नहीं मिली और हमने मान लिया कि मामला बंद हो गया है। बिसलेरी ने कहा कि वह उचित नियामकीय प्रक्रिया के जरिये इस मामले को सुलझाने के लिए एफएसएसएआई के साथ सहयोग करना जारी रखेगी। ब्रोमेट एक रासायनिक यौगिक है, जो पानी को कीटाणुरहित करने की प्रक्रिया के दौरान बनता है। पेयजल में इसकी बढ़ी हुई मात्रा स्वास्थ्य के लिए हानिकारक मानी जाती है और लंबे समय तक इसके अधिक सेवन से कैंसर का खतरा हो सकता है।
