बलोचिस्तान में मार्बल फैक्टरी के 18 कर्मचारी अगवा, अफगान सीमा पर गोलीबारी

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

इस्लामाबाद: देश के अशांत प्रांत बलोचिस्तान के खुजदार जिले में एक मार्बल फैक्टरी के 18 कर्मचारियों को अगवा कर लिया गया। यह फैक्टरी खुजदार से करीब 40 किलोमीटर दूर है। उधर, अफगान तालिबान बलों की गोलीबारी का पाकिस्तान की सेना ने कड़ा जवाब दिया। द बलोचिस्तान पोस्ट की खबर के अनुसार, खुजदार जिले के नाल इलाके में बेसर पहाड़ी के पास स्थित मार्बल फैक्टरी पर कुछ हथियारबंद लोगों ने हमला किया और वहां काम कर रहे 18 कर्मचारियों को अगवा कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम दर्जनों हथियारबंद लोग गाड़ियों और मोटरसाइकिलों पर फैक्टरी में घुसे और कर्मचारियों को अपने साथ ले गए। हथियारबंद लोग दो गाड़ियां और एक लोडर भी ले गए। द न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, अफगान तालिबान बलों ने अपर कुर्रम के तैदा सेक्टर और घोजगढ़ी में बिना उकसावे के गोलीबारी की। इसका पाकिस्तान की सेना प्रभावी जवाब दिया। पाकिस्तान की सेना ने अफगान तालिबान की टॉपसर पोस्ट और शिपोला बेस कैंप को निशाना बनाया। इस गोलीबारी में अफगान तालिबान के कई लड़ाके मारे गए और शिपोला बेस कैंप नष्ट हो गया। सूचना मंत्रालय के अनुसार, इस महीने की शुरुआत में पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में आतंकी ठिकानों पर सटीक हवाई हमले किए। कई दौर की बातचीत के बावजूद इस्लामाबाद और काबुल अपने मतभेदों को सुलझा नहीं पाए हैं।

Spread the love