MUSTFA
रांची (मेसरा): राजधानी में नशे की काली कमाई और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रांची पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस की विशेष टीम ने जुमार पुल बस स्टैंड के समीप योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर बिहार से ब्राउन शुगर की बड़ी खेप लेकर पहुंची एक शातिर महिला तस्कर को रंगे हाथों धर दबोचा। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 5 लाख रुपये मूल्य की 89.32 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर,बिक्री के 20 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल जब्त किया है। वरीय पुलिस अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार से नशे की खेप लेकर एक तस्कर रांची में दाखिल हो रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए डीएसपी (सदर) के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम जैसे ही जुमार पुल के पास पहुंची,ऑटो में बैठी महिला पुलिस बल को देखते ही घबराकर भागने लगी। हालांकि, पुलिस टीम ने महिला चौकीदार के सहयोग से मुस्तैदी दिखाते हुए उसे चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके हैंडबैग से प्लास्टिक के पाउच में रखी ब्राउन शुगर बरामद हुई। पकड़ी गई आरोपी की पहचान मुन्नी देवी (43), पति बाबला राम, निवासी जतराटांड़ (कोकर बाजार, थाना सदर, रांची) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मुन्नी देवी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। वह पूर्व में भी सदर थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के दो अलग-अलग मामलों (कांड संख्या 496/2024 व 632/2025) में जेल की हवा खा चुकी है। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बिहार के तस्करों से माल खरीदकर रांची लाती थी और शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर छोटे-छोटे पुड़ियों में इसकी अवैध खरीद-बिक्री करती थी। पुलिस ने इस संबंध में बीआईटी मेसरा ओपी (सदर) थाना में एनडीपीएस एक्ट (कांड संख्या 384/2026) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
