बरही में होटल पर अंधाधुंध फायरिंग, महाकाल राहुल दुबे गैंग के नाम का पर्चा मिला

Crime

होटल संचालक को 10 दिन पहले सोशल मीडिया पर मिली थी धमकी, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान में जुटी

Eksandeshlive Desk

हजारीबाग: हजारीबाग जिले के बरही में शुक्रवार शाम अपाचे बाइक सवार दो अपराधियों ने एके पैलेस होटल पर अंधाधुंध फायरिंग की। वारदात के बाद वे घटनास्थल पर एक पर्चा फेंककर फरार हो गए। पर्चे पर ‘महाकाल राहुल दुबे गैंग’ का नाम लिखा है। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन इलाके में दहशत फैल गई। फायरिंग की सूचना मिलते ही बरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पर्चा जब्त कर जांच शुरू की। गैंग का नाम सामने आने से उसकी संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। कुछ दिन पहले हजारीबाग के एके इंटरनेशनल होटल पर भी इसी तरह फायरिंग हुई थी, जिसकी जिम्मेदारी इसी गैंग ने ली थी।

एके पैलेस होटल के संचालक वीरेंद्र रजक ने बताया कि घटना से करीब 10 दिन पहले उन्हें सोशल मीडिया पर धमकी मिली थी। उनके अनुसार, केदार यादव नामक व्यक्ति ने होटल को लेकर उन्हें देख लेने की चेतावनी दी थी। रजक ने आशंका जताई कि इसी धमकी के बाद फायरिंग कराई गई। उन्होंने वारदात में केदार यादव की भूमिका होने की भी आशंका व्यक्त की है। केदार यादव पिछले विधानसभा चुनाव में बरही सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके हैं। फिलहाल उनके कांग्रेस से जुड़े होने की जानकारी दी गई है। बरही के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सीडीपीओ) राधा प्रेम किशोर ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जब्त पर्चे की सत्यता और फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया।

Spread the love