Eksandeshlive Desk
गिरिडीह : धनवार थाना क्षेत्र के लाल बाजार में गुरुवार को हुए सड़क हादसे में सवारी बस और स्विफ्ट कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान बिरनी थाना क्षेत्र के 70 वर्षीय बंगाली हाड़ी और 24 वर्षीय कुमकुम कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बस खोरीमहुआ की ओर जा रही थी, जबकि कार बिरनी से लौट रही थी, तभी लाल बाजार के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
घायलों में सुकरी देवी, तारा देवी, रोनित कुमार, जयनारायण राम और अरविंद यादव शामिल हैं। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालकर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी लोग बिरनी के बरमसिया गांव निवासी जयनारायण राम के परिवार के सदस्य हैं, जो देवघर में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस माैके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
