सड़क की बदहाल स्थिति पर स्थानीय लोगों में आक्रोश, मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान

360°

Eksandeshlive Desk

पलामू : पलामू प्रमंडल के प्रमुख शहर मेदिनीनगर की जीवनरेखा मानी जाने वाली पांकी रोड की जर्जर हालत को लेकर अब स्थानीय लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा ( झामुमो) नेता सन्नी शुक्ला और क्षेत्र के अन्य नागरिकों ने सड़क की खराब स्थिति को लेकर गुरुवार को विरोध दर्ज कराया और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की। बता दे कि पांकी रोड शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक है, जहां से रोजाना हजारों लोग आवागमन करते हैं। इसी मार्ग पर जी. एल. ए कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, आधा दर्जन से अधिक अस्पताल और कई विद्यालय स्थित हैं, जिससे इस सड़क का महत्व और भी बढ़ जाता है। बावजूद इसके, सड़क की स्थिति बेहद दयनीय बनी हुई है।

चरकी भट्ठा क्षेत्र में सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। हालात इतने खराब हैं कि स्थानीय लोगों को मजबूरी में इन गड्ढों में मिट्टी डाल, पत्थर रख कर अस्थाई व्यवस्था करनी पड़ रही है, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो। इसके बावजूद आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। लोगों में प्रशासन की उदासीनता को लेकर गहरी नाराजगी है। सबों ने एक स्वर में कहा अगर दो दिन में गड्ढे नहीं भरे गए तो पांकी रोड जाम किया जाएगा। विरोध दर्ज करने वाले स्थानीय निवासी जितेंद्र पांडेय, संकट मोचन, उमेश अग्रवाल, सुमित पांडेय, बमबम शुक्ला सैयद फैजल, रंजीत कुमार, शिवाजी सिंह, अमित सिंह, राहुल साहू सहित कई अन्य उपस्थित थे। इधर इस मामले में एक्स पर ट्वीट किए जाने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संज्ञान लिया है और उपायुक्त को जल्द मरम्मत करने का निर्देश दिया है। उपायुक्त ने भी मामले में कार्रवाई करते हुए पत्र निर्माण विभाग को जल्द मरम्मत करने का निर्देश दिया है।

Spread the love