चंद्रशेखर दास बने पश्चिमी सिंहभूम जिला इंटक के अध्यक्ष

Politics

Eksandeshlive Desk

पश्चिमी सिंहभूम : झारखंड इंटक के प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडे के नेतृत्व में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए जिला इंटक के अध्यक्ष पद पर पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर दास की नियुक्ति की गई। चाईबासा के स्थानीय धर्मशाला परिसर में आयोजित समारोह में झारखंड भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) के अध्यक्ष सह वरिष्ठ मजदूर नेता राकेश्वर पांडे ने चंद्रशेखर दास को नियुक्ति पत्र सौंपकर औपचारिक रूप से उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी। इस अवसर पर जिलेभर से बड़ी संख्या में इंटक कार्यकर्ता और कांग्रेस समर्थक मौजूद रहे, जिन्होंने नवनियुक्त जिला अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया।

उल्‍लेखनीय है कि चंद्रशेखर दास पहले भी पश्चिमी सिंहभूम जिला इंटक के अध्यक्ष रह चुके हैं। अपने पूर्व कार्यकाल में उन्होंने संगठन को मजबूत करने, मजदूर हितों की रक्षा करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में उल्लेखनीय योगदान दिया था। इंटक प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडे ने कहा कि चंद्रशेखर दास जैसे कर्मठ और अनुभवी नेता का पुनः संगठन में नेतृत्व मिलना सौभाग्य की बात है। उन्होंने हमेशा मजदूरों और श्रमिकों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई है। उनके नेतृत्व में पश्चिमी सिंहभूम इंटक और अधिक सशक्त और सक्रिय बनेगा। नवनियुक्त जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर दास ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष ने जो विश्वास जताया है, उस पर वे खरे उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि मजदूरों और श्रमिकों के अधिकारों की लड़ाई को और मजबूती से लड़ा जाएगा तथा संगठन को गांव-गांव और हर श्रमिक वर्ग तक पहुंचाया जाएगा। इस मौके पर इंटक के वरिष्ठ पदाधिकारी महेन्द्र मिश्रा, राणा सिंह, संजीव श्रीवास्तव, दिलीप भारद्वाज, रमेश बैघ और त्रिशानु राय सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Spread the love