News by sunil
बीआईटी मेसरा में पांच दिवसीय कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ
रांची: बीआईटी मेसरा संस्थान में पांच दिवसीय इनोवेशन डिजाइन एवं एंटरप्रेन्योरशिप बूटकेंप का शुभारंभ सोमवार को हुआ। मौके पर कुलपति प्रो. इंद्रनील मन्ना ने अपने संबोधन में छात्रों को उद्यमिता और स्टार्टअप संस्कृति अपनाने के लिए प्रेरित किया। कुलसचिव डॉ. राजेश जैन ने अतिथियों का औपचारिक स्वागत किया। बूटकैंप के डॉ. आनंद प्रसाद सिन्हा ने अपने स्वागत भाषण में बूटकैंप के प्रमुख उद्देश्यों जैसे नवाचार को बढ़ावा देना, डिजाइन थिंकिंग विकसित करना, समस्या समाधान क्षमता मजबूत करना, स्टार्टअप एवं व्यवसाय मॉडल निर्माण, नेतृत्व, टीमवर्क और संचार कौशल को सुदृढ़ करना तथा शैक्षणिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ना शामिल किया। प्रमुख वक्ताओं में प्रो. संजय कुमार झा प्रो. राजू पोद्दार , आशीष शर्मा तथा वाधवानी फाउंडेशन के मास्टर ट्रेनर्स प्रो. सिद्धार्थ राजा हलदर और ऋषभ गिल शामिल रहे। इसके पश्चात सेमिनार हॉल-2 में तकनीकी सत्र आयोजित किए गए, जिनका संचालन ऋषभ गिल ने किया तथा समन्वय डॉ. एस. के. साहाना द्वारा किया गया। इन सत्रों में 21वीं सदी में सीखने, भूलने और पुन: सीखने की क्षमता पर जोर दिया गया तथा समस्या पहचान, बाजार की व्यवहार्यता, ग्राहक समझ और वित्तीय साक्षरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। इस प्रकार बूटकैंप के पहले दिन ने प्रतिभागियों के भीतर नवाचार, उद्यमशीलता सोच और व्यावहारिक ज्ञान का मजबूत आधार स्थापित किया तथा उन्हें भविष्य के लिए सक्षम और उद्योग-उन्मुख बनने की दिशा में प्रेरित किया।
