चक्रवाती तूफान मुरासु के आज आधी रात के बाद आंध्र प्रदेश तट से टकराने की आशंका

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय भीषण चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ तेजी से दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है। इसके आज आधी रात से कल मंगलवार तड़के के बीच नेल्लोर और नरसापुर के बीच ओंगोल के दक्षिण में तट से टकराने की प्रबल संभावना है। इस दौरान तूफान की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और झोंकों के साथ 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार चक्रवात पिछले छह घंटों के दौरान 22 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है। दो नवंबर को सुबह 8:30 बजे यह पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में 14.1 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 81.4 डिग्री पूर्वी देशांतर पर केंद्रित था। यह नेल्लोर से लगभग 160 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व, चेन्नई से 180 किलोमीटर उत्तर-पूर्व और ओंगोल से 210 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित था।

चक्रवात के प्रभाव से एक से चार नवंबर के बीच तटीय आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में भारी से अत्यंत भारी बारिश होने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर 204 मिलीमीटर से अधिक वर्षा हो सकती है। दो और तीन नवंबर को इसका प्रभाव सबसे अधिक रहने की संभावना है। एलुरु, कृष्णा, एनटीआर, पश्चिम गोदावरी, गुंटूर, बापटला, नेल्लोर और प्रकाशम जिलों में तेज बारिश की आशंका है। तेलंगाना में दो नवंबर से बारिश की गतिविधियां तेज होने का अनुमान है। तीन नवंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी और दक्षिणी जिलों में इसका प्रभाव अधिक रहने की संभावना है। वहीं, तमिलनाडु और पुडुचेरी में एक से तीन नवंबर के बीच मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। चेन्नई, तिरुवल्लूर, चेंगलपट्टू, कांचीपुरम, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। चक्रवात के प्रभाव से दक्षिणी ओडिशा के गजपति, गंजाम, कोरापुट और रायगढ़ा जिलों में दो से चार नवंबर के बीच भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ में दो नवंबर को भारी बारिश हो सकती है, जबकि तीन और चार नवंबर को बारिश की गतिविधियां और तेज होने का अनुमान है।

इसके अलावा मध्य प्रदेश, कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में पांच नवंबर तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, दो नवंबर के आसपास अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, बाढ़ जैसी स्थिति और सामान्य जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। प्रशासन और मौसम विभाग ने तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

Spread the love