डायन-बिसाही के शक में माता-पिता की हत्या करने वाला गिरफ्तार

Ek Sandesh Live

Eksandesh Live

गुमला : गुमला जिले के कुरुमगढ़ थाना पुलिस ने आठ साल से फरार आरोपित बुधु उर्फ बुधवा होरो (55) को गिरफ्तार किया है। कुरुमगढ़ थाना क्षेत्र के बरटोली निवासी बुधु ने ग्रामीणों के सहयोग से अपने ही मां-बाप की डायन बिसाही के शक में हत्या कर दी थी। इसके बाद घर में ही दोनों शव को जलाकर मौके से फरार हो गया था।
पुलिस ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में बताया कि गुमला एसपी के निर्देश पर लंबित कांड के वारंटियों की गिरफ्तारी के लिये अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान बरटोली में छापेमारी कर आठ वर्षों से फरार चल रहे आरोपित बुधु उर्फ बुधवा होरो को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी ने पुलिस को पूछताछ के दौरान बताया कि वर्ष 2015 में सौतेले भाई से जमीनी दुश्मनी होने एवं पिता नारायण होरो तथा माता जॉनी होरो पर डायन-विसाही का शक होने के कारण गांव के अन्य लोगों के साथ एकमत होकर घर में घुसकर उसने अपने पिता एवं मां की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद दोनों के शव को घर सहित आग लगाकर जला दिया। इससे पहले घर में रखे पैसे व बकरी सहित अन्य सामान को वहां से हटा लिया था।
यहां तक कि घटना के दिन ग्रामीणों के साथ आरोपी ने मटन पार्टी का आयोजन किया था। इसके बाद वहां से हिमाचल भाग गया। वह करीब डेढ़ साल से रांची के लापुंग प्रखंड में घटना में शामिल रहे एक सहयोगी के यहां छुपकर रह रहा था। दो सप्ताह पहले गुमला स्थित घर पहुंचा था, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

Spread the love