धनबाद-बोकारो सड़क खोलने की मांग पर विधायक राज सिन्हा का 24 घंटे का अनशन

Politics

Eksandeshlive Desk

धनबाद : धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग को जल्द चालू कराने की मांग को लेकर धनबाद विधायक राज सिन्हा ने केंदुआडीह मुख्य मार्ग पर 24 घंटे का अनशन शुरू कर दिया है। बंद सड़क पर चल रहे इस आंदोलन को स्थानीय लोगों, व्यापारिक संगठनों और विभिन्न चेंबर ऑफ कॉमर्स का व्यापक समर्थन मिल रहा है। बड़ी संख्या में लोग धरना स्थल पर जुटे और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। केंदुआडीह स्थित बंद धनबाद-बोकारो मुख्य सड़क पर विधायक राज सिन्हा के नेतृत्व में शुरू हुए इस अनशन में केंदुआ, लोयाबाद, पुटकी, तेतुलमारी समेत आसपास के इलाकों के लोग भी शामिल हुए। समर्थकों की भारी भीड़ के कारण आंदोलन ने जनआंदोलन का रूप ले लिया है।

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले जिला प्रशासन द्वारा हाई लेवल बैठक कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया गया था, जिसके बाद विधायक ने अपना अनिश्चितकालीन धरना स्थगित कर दिया था, लेकिन बैठक नहीं होने और प्रशासन व बीसीसीएल प्रबंधन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं किए जाने पर विधायक ने दोबारा आंदोलन शुरू कर दिया। धरना स्थल पर मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक राज सिन्हा ने कहा कि सड़क बंद होने से हजारों लोगों की रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि यह मार्ग धनबाद, बोकारो, रांची और जमशेदपुर को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण लाइफलाइन है, लेकिन करीब एक महीने से सड़क बंद रहने के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विधायक ने प्रशासन और राज्य सरकार पर निष्क्रिय रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हाल ही में माडा द्वारा भू-धंसान क्षेत्र के पास खुदाई की गई, लेकिन वहां किसी बड़े खतरे जैसी स्थिति नहीं दिखी। ऐसे में सड़क बंद रखने के पीछे साजिश की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। राज सिन्हा ने कहा कि जनता की समस्याओं को देखते हुए वे 24 घंटे तक बिना अन्न ग्रहण किए अनशन पर बैठे रहेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इसके बाद भी कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।धरना स्थल पर मौजूद व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से जल्द सड़क खोलने की मांग की। उनका कहना है कि मार्ग बंद रहने से व्यापार, यातायात और आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

Spread the love