दिनदहाड़े बाइक की डिक्की तोड़कर उड़ाए 2.70 लाख

Crime Ek Sandesh Live

SUNIL KUMAR

साहिबगंज/बरहेट: बरहेट प्रखंड के लबरी ग्राम में सोमवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बरहेट-साहिबगंज मुख्य मार्ग पर स्थित एक मेडिकल स्टोर के सामने खड़ी बाइक की डिक्की तोड़कर अज्ञात चोरों ने 2 लाख 70 हजार रुपये उड़ा लिए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, लबरी गांव निवासी नवीन कांत मंडल, जो एक सीएसपी संचालक हैं, ने नकद निकासी के लिए अपना चेक दीनबंधु कुमार को दिया था। दीनबंधु ने पैसे लाने के लिए राजा कुमार साह को बैंक भेजा। दोपहर करीब 3:48 बजे राजा ने फोन कर राशि की पुष्टि की, जिसके बाद नवीन ने रकम बाइक की डिक्की में रखने को कहा।
बैंक से पैसे लेकर लौटते समय राजा ‘मां मेडिकल’ के पास दवा लेने के लिए रुका। जैसे ही वह दुकान के अंदर गया, पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने पलभर में बाइक की डिक्की तोड़ दी और उसमें रखी पूरी रकम लेकर फरार हो गए। बताया जाता है कि एक चोर ने इशारा किया, जिसके बाद दूसरा साथी बाइक लेकर पहुंचा और दोनों आरोपी मौके से भाग निकले।
राजा ने भाग रहे अपराधियों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह असफल रहा। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पीड़ित के अनुसार, घटना इतनी तेजी से हुई कि वह अपराधियों की पहचान नहीं कर सका।
घटना की सूचना मिलने के बाद बरहेट थाना प्रभारी पवन कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पीड़ित द्वारा थाने में लिखित आवेदन दिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। थाना प्रभारी ने बताया, मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Spread the love