रांची: ज़मीन के कारोबार में भारी मुनाफे का लालच देकर एक दिव्यांग से 14 लाख 26 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। मामला सिकिदिरी थाना क्षेत्र का है,जहाँ पिठोरिया के नावाडीह निवासी पीड़ित जाहिद अंसारी धोखाधड़ी के शिकार हुए हैं। पीड़ित ने दिव्यांग सेवा संस्थान के बैनर तले सिकिदिरी थाने पहुँचकर आरोपी कलाम अंसारी (कुटे,सिकिदिरी) और उसके सहयोगी तबरेज अंसारी (हेसल,अनगड़ा) के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। थाने में दिए आवेदन के अनुसार,करीब सवा दो साल पहले आरोपियों के झांसे में आकर जाहिद ने ‘दिव्यांग राहत सेवा संस्थान’ के सदस्यों से कर्ज लेकर 14.26 लाख रुपये कलाम अंसारी को दिए थे। रकम मिलने के बाद से आरोपी टाल-मटोल कर रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि वे पिछले दो वर्षों से अपने पैसे वापस पाने के लिए गिड़गिड़ा रहे हैं,जबकि कर्जदाता अब उन पर पैसों के लिए दबाव बना रहे हैं। पीड़ित के पास इस लेनदेन के सभी पुख्ता दस्तावेजी सबूत मौजूद हैं। मामले पर सिकिदिरी थाना प्रभारी बम शंकर यादव ने बताया कि आवेदन के आधार पर जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित को न्याय दिलाया जाएगा। वहीं,पीड़ित जाहिद अंसारी ने कहा कि यदि उन्हें सिकिदिरी पुलिस से न्याय नहीं मिला,तो वे रांची एसएसपी और मुख्यमंत्री से गुहार लगाएंगे। इसके बावजूद समाधान न होने पर वे संस्थान के सदस्यों के साथ राजभवन के समक्ष धरना देने को बाध्य होंगे।
